Publish Date: Sun, 11 Aug 2019 (10:57 IST)
Updated Date: Sun, 11 Aug 2019 (11:00 IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के निर्वतमान अध्यक्ष राहुल गांधी को रणछोड़ गांधी बताया है।
शिवराज ने लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर चली उठापटक पर कहा कि ऐसा लगता हैं कांग्रेस के नेताओं में दम नहीं है और पार्टी के नेता परजीवी होकर अमरबेल की तरह एक परिवार के दम पर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब उस परिवार को भी जनता ने नकार दिया है। शिवराज ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी अब रणछोड़ गांधी हो चुके हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कभी ऐसा हुआ है कि पार्टी चुनाव हार जाए तो अध्यक्ष पार्टी छोड़कर चला जाए, जबकि ऐसे हालात में तो और मजबूती से अध्यक्ष को सामने आना चाहिए और सबसे आगे आकर जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
इससे पहले शनिवार देर रात कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में अध्यक्ष पद से राहुल गांधी का इस्तीफा स्वीकार करते पार्टी की कमान पहले संभाल चुकी सोनिया गांधी को पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष बना दिया।
वर्तमान में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी इतिहास में सबसे अधिक लंबे समय तक अध्यक्ष रह चुकी है। ऐसे में एक बार फिर सोनिया अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर पार्टी की कमान अपने हाथ में लेकर उसको संकट से निकालेगी।