Ramcharitmanas

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

करीबी सुरेंद्र सिंह की अंतिम यात्रा में भावुक हुईं स्मृति ईरानी, अर्थी को दिया कंधा

Advertiesment
हमें फॉलो करें Smriti Irani
, रविवार, 26 मई 2019 (20:00 IST)
अमेठी। उत्तरप्रदेश में अमेठी की नवनिर्वाचित सांसद स्मृति ईरानी ने हमलावरों की गोली के शिकार पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह के शव को कंधा दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
स्मृति ने सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाए। इस दौरान वे काफी भावुक हो गईं।

स्मृति ने सिंह के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया। इससे पहले वे सिंह के परिवार वालों से मिलीं और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सुरेन्द्र सिंह की हत्या करने वालों को सजा-ए-मौत दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक भी जाना पड़े तो हम सब कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और सुरेन्द्र सिंह के परिवार को न्याय दिलाएंगे।
 
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि जामो क्षेत्र के बरौला गांव में पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह की हथियारबंद बदमाशों ने शनिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वे अपने घर के बरामदे में गहरी नींद में थे। पूर्व प्रधान को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया गया।

सुरेंद्र सिंह ने स्मृति ईरानी के लिए लोकसभा चुनाव में सक्रिय रूप से प्रचार किया था जिसकी बदौलत भाजपा कांग्रेस को उसके गढ़ में मात देने में सफल हुई थी। इस चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 55,000 से अधिक मतों से पराजय का सामना करना पड़ा था।
 
घटना की सूचना मिलने के बाद स्मृति ईरानी ने अमेठी पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ता को भावभीनी श्रद्धाजंलि दी और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। सांसद ने पूर्व प्रधान के शव को कंधा दिया और शवयात्रा के साथ कुछ दूर तक साथ चली। योगी सरकार के राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने भी मृतक भाजपा नेता के शव को कंधा दिया।
 
सूबे के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने दावा किया है कि इस मामले में 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्यारों के करीब है और उम्मीद है कि मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मामला राजनीतिक प्रतिद्धंदिता से जुड़ा हो सकता है हालांकि इस मामले में भूमि विवाद और पारिवारिक रंजिश की बात भी सामने आई है। इस मामले में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपियों की धरपकड़ का काम पूरा कर लिया जाएगा।
 
इस बीच पूर्व प्रधान की हत्या को लेकर गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस के अलावा पीएसी को तैनात किया गया है। मृतक के पुत्र अभय ने कहा कि उसके पिता स्मृति ईरानी के प्रचार में दिन-रात लगे रहते थे जिसे क्षेत्र में कांग्रेस के समर्थक पसंद नहीं करते थे। ईरानी की विजय यात्रा में भी उनके पिता ने हिस्सा लिया था।

हत्यारों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे : उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता की मौत अत्यंत दुखद है। वे परिश्रमी कार्यकर्ता थे। भले ही हत्यारे पाताल में क्यों न छिपे हों, उन्हें ढूंढ निकालेंगे। इस घटना से पूरी अमेठी दुखी है। उत्तरप्रदेश की कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई गुंजाइश नहीं है। हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

जूता प्रकरण में रहे थे चर्चा में : लोकसभा चुनाव के दौरान जूता वितरण प्रकरण में सुरेंद्र सिंह काफी चर्चा में रहे थे। उन्हें स्मृति ईरानी का करीबी माना जाता था।
 
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने स्मृति ईरानी पर बरौला गांव के लोगों को जूते बांटने का आरोप लगाते हुए इसे अमेठी के लोगों का अपमान बताया था। बरौला गांव को पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिया था।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

इंजमाम को भरोसा, World Cup में भारत के खिलाफ हार का क्रम तोड़ सकता है पाकिस्तान