Publish Date: Tue, 17 Oct 2017 (00:08 IST)
Updated Date: Tue, 17 Oct 2017 (00:10 IST)
नई दिल्ली। भाजपा ने भारत में मुस्लिम राज को 'बर्बरतापूर्ण और अतुलनीय असहिष्णुता का काल' आज करार दिया और कहा कि उसके सदस्य किसी भी खास स्मारक के बारे में कोई भी राय रख सकते हैं।
भाजपा की प्रतिक्रिया उत्तर प्रदेश में उसके विधायक संगीत सोम द्वारा इतिहास में ताजमहल पर प्रश्न उठाने और भारत के इतिहास में मुगलों की उपस्थिति को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिए जाने के बाद आई है।
मुगल शासक शाहजहां द्वारा अपनी पत्नी की याद में बनाए गए ताजमहल पर सोम की टिप्पणी पर भाजपा के रुख के बारे में पूछे जाने पर पार्टी प्रवक्ता जीवी एल नरसिम्ह राव ने कहा कि पार्टी का खास स्मारकों पर कोई दृष्टिकोण नहीं है और उसके सदस्य जो भी राय चाहे, रख सकते हैं।
उन्होंने कहा, लेकिन जहां तक इस देश में मुस्लिम और मुगल शासन की बात है तो उस काल को बस शोषणकारी, बर्बरतापूर्ण और अतुलनीय असहिष्णुता का काल करार दिया जा सकता है जिसने भारतीय सभ्यता और परंपराओं को बहुत नुकसान पहुंचाया।
राव ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता और लोकसभा सदस्य असादुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा जिन्होंने सोम की टिप्पणी को लेकर भाजपा पर प्रहार किया था। सोम की टिप्पणी पर ओवैसी ने सवाल किया क्या सरकार पर्यटकों से ताजमहल नहीं आने को कहेगी।
ओवैसी के बयान पर राव ने कहा, वर्तमान समय में भी ओवैसी जैसे मुस्लिम नेता उसी स्तर की असहिष्णुता दिखाते हैं जैसा कि कभी मुस्लिम शासक दिखाते थे। (भाषा)