Publish Date: Sat, 14 Apr 2018 (15:02 IST)
Updated Date: Sat, 14 Apr 2018 (15:58 IST)
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल वी एस कोकजे को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का नया अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। वे प्रवीण तोगड़िया का स्थान लेंगे।
विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए आज पांच दशकों में पहली बार मतदान हुआ। कोकजे को 131 वोट मिले और उन्होंने राघव रेड्डी को हराया जिन्हें 60 वोट मिले। विहिप के कुल 192 पदाधिकारी गुरूग्राम में हुए चुनाव में वोट डालने के लिए पात्र थे।
चुनाव कराना तब जरूरी हो गया जब संगठन के सदस्यों के बीच नए अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर आम सहमति नहीं बन पाई। रिटायर्ड जस्टिस वीएस कोकजे को आरएसएस की पसंद बताया जा रहा है।
कोकजे जुलाई 1990 से अप्रैल 1994 तक मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जज और अप्रैल 1994 से सितंबर 2001 तक राजस्थान हाई कोर्ट के जज रह चुके हैं। वह वाजपेयी सरकार में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बनाए गए थे।