Publish Date: Thu, 07 Sep 2017 (22:22 IST)
Updated Date: Fri, 08 Sep 2017 (00:04 IST)
नई दिल्ली। एक्सप्रेस समूह के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक विवेक गोयनका और दैनिक समाचार पत्र द हिन्दू के पूर्व प्रधान संपादक एन. रवि को आज देश की सबसे बड़ी समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया का सर्वसम्मति से क्रमश: अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुना गया।
गोयनका (60) ने रियाद मैथ्यू की जगह ली, जो मनोरमा प्रबंधन के वरिष्ठ सहायक संपादक और सदस्य हैं। 69 वर्षीय रवि ने उपाध्यक्ष के तौर पर गोयनका का स्थान लिया। कंपनी की आज यहां 69वीं सालाना आम बैठक के बाद निदेशक मंडल की बैठक में यह चुनाव हुआ।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके और पेशे से प्रकाशक गोयनका भारत में व्यापक स्तर पर प्रकाशित होने वाले अखबार समूह का संचालन करते हैं, जिनमें द इंडियन एक्सप्रेस, फाइनेंशियल एक्सप्रेस, मराठी दैनिक लोकसत्ता, हिंदी दैनिक जनसत्ता और कई ऑनलाइन समाचार वेबसाइट शामिल हैं।
गोयनका एडवरटाइजिंग एसोसिएशन की भारतीय शाखा के सदस्य के अलावा इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी (आईएनएस) के निदेशक भी हैं। वह ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन के काउंसिल सदस्य के तौर पर यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और आईएनएस के सबसे युवा अध्यक्ष भी रहे हैं।
गैर लाभकारी संस्थान रामनाथ गोयनका फाउंडेशन के प्रमुख के तौर पर गोयनका ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रामनाथ गोयनका अवॉर्ड की शुरुआत की। गोयनका वन्यजीव फोटोग्राफी और पर्यावरण संरक्षण में रुचि रखते हैं।
भारत और अमेरिका में शानदार करियर के साथ रवि जाने माने पूर्व पत्रकार हैं। वह कस्तूरी एंड संस लिमिटेड के निदेशक हैं, जो द हिंदू अखबार का प्रकाशन करता है।
रवि वर्ष 1972 में द हिंदू से जुड़े और वर्ष 1980 में डिप्टी एडीटर बनने तक उन्होंने संवाददाता, प्रमुख लेखक और वाशिंगटन संवाददाता के तौर पर काम किया। वह वर्ष 1991 से 2011 तक संपादक रहे और अक्टूबर 2013 से जनवरी 2015 तक उन्होंने प्रधान संपादक का दायित्व निभाया।
42 साल के पत्रकारिता के करियर में रवि ने कई अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन कवर किए और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों की रिपोर्टिंग के लिए विभिन्न प्रधानमंत्रियों और राष्ट्रपतियों के साथ यात्राएं की।
उन्होंने अर्थशास्त्र में परास्नातक और कानून में स्नातक की डिग्री हासिल की है। वह प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के चेयरमैन और एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह वर्ष 2006 से 2008 तक भारत सरकार के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य भी रहे।
गोयनका, रवि और मैथ्यू के अलावा महेंद्र मोहन गुप्ता (दैनिक जागरण), के.एन. शांत कुमार (डेकन हेराल्ड), विनीत जैन (टाइम्स ऑफ इंडिया), अवीक कुमार सरकार (आनंद बाजार पत्रिका), एम पी वीरेंद्र कुमार (मातृभूमि), आर. लक्ष्मीपति (दिनामलार), विजय कुमार चोपड़ा (द हिंद समाचार लिमिटेड), राजीव वर्मा (हिंदुस्तान टाइम्स), होरमुसजी एन कामा (बॉम्बे समाचार), न्यायमूर्ति आर सी लाहोटी, प्रोफेसर दीपक नय्यर, श्याम सरन और जे एफ पोचखानवाला पीटीआई बोर्ड के सदस्य हैं।
सालाना आम बैठक के दौरान शेयरधारकों को संबोधित करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष मैथ्यू ने कहा कि कंपनी ने पिछले वर्ष के 166.36 करोड़ रुपए के मुकाबले वर्ष 2016-17 के दौरान 172.76 करोड़ रुपए का राजस्व कमाया।
मैथ्यू ने कहा, ‘पीटीआई ने तथ्यों पर आधारित और संतुलित रिपोर्टिंग के साथ, अपने विभिन्न ग्राहकों तक समाचार पहुंचाने की प्रतिबद्धता को पूरा करने के साथ भारत में स्वयं को एक बार फिर प्रतिष्ठित समाचार सेवा साबित किया है।’
बदलते मीडिया परिदृश्य से उत्पन्न बढ़ती चुनौतियों का सामना करने के लिए पीटीआई बोर्ड ने पिछले वर्ष एक बड़ा फैसला करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रधान संपादक (ईआईसी) के पदों को अलग-अलग कर दिया। पहले यह दोनो पद एक ही व्यक्ति के पास होते थे।
पीटीआई की संपादकीय टीम का नेतृत्व अब नए प्रधान संपादक विजय जोशी कर रहे है, जिनका इस पेशे में तीन दशकों से भी ज्यादा का अनुभव है। सीईओ का पद वेंकी वेंकटेश के पास है, जो सेल्स, विपणन, कॉरपोरेट मामलों और मीडिया में तीन दशकों से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Thu, 07 Sep 2017 (22:22 IST)
Updated Date: Fri, 08 Sep 2017 (00:04 IST)