Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather Update : प्रचंड हो रहा है साइक्लोन बिपरजॉय, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

हमें फॉलो करें Weather Update : प्रचंड हो रहा है साइक्लोन बिपरजॉय, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
, शनिवार, 10 जून 2023 (08:37 IST)
Weather Update : केरल में मानसून के दस्तक देने के बाद देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में लू का कहर जारी है। वहीं गुजरात की और बढ़ रहा तूफान बिपरजॉय लगातार प्रचंड हो रहा है। 
 
प्रचंड हो रहा है बिपरजॉय : चक्रवाती तूफान बिपरजॉय आज एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके अगले 2 दिनों तक उत्तर-उत्तर पूर्व दिशा में और उसके बाद उत्तर उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। गुजरात, गोवा, कर्नाटक और महाराष्‍ट्र को लेकर अलर्ट जारी किया है। 
 
शुक्रवार को कैसा रहा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान में बरसा पानी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के में भी बारिश हुई।
 
बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी। गोवा में भी इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है।
 
आज कैसा रहेगा मौसम : स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। तमिलनाडु, कर्नाटक, रायलसीमा और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश संभव है।
 
भारतीय मौसम विभाग ने आज भी बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम के लोगों को लू की चेतावनी दी है।
 
बंगाल में 13 जून तक भारी बारिश : पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की वजह से पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना। दक्षिण-पश्चिम मानसून के दो दिनों के भीतर सभी पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम की ओर बढ़ने की संभावना है।
 
पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून आने के कारण मणिपुर, नगालैंड, मेघालय एवं मिजोरम में अगले तीन दिन में और असम एवं अरुणाचल प्रदेश में अगले 5 दिन में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
 
कोलकाता और इसके आसपास के जिलों में शुक्रवार दोपहर को बारिश के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बारिश के दौरान बिजली गिरने से कोलकाता में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हालांकि राज्य के दक्षिणी जिलों में लोग संभवत: 13 जून तक भीषण गर्मी से जूझते रहेंगे।
 
गोवा में स्कूल बंद : गोवा सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की कि चिलचिलाती गर्मी के कारण 10 जून को उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के सभी सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। शिक्षा निदेशक शैलेश जिंगडे द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया है कि प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी तथा मानसून में देरी के कारण सक्षम प्राधिकारी द्वारा 10 जून को सभी संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
Edited by : Nrapendra Gupta 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

हार्ट ट्रांसप्लांट में मृत शरीरों का दिल भी करेगा काम