Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

weather update : इन राज्यों में बढ़ी गर्मी, गुजरात से महाराष्‍ट्र तक लू का अलर्ट

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और कोंकण व गोवा में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

Advertiesment
हमें फॉलो करें weather update : इन राज्यों में बढ़ी गर्मी, गुजरात से महाराष्‍ट्र तक लू का अलर्ट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, मंगलवार, 11 मार्च 2025 (11:05 IST)
Weather Update : जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी व बारिश का मौसम बना हुआ है। गुजरात, राजस्थान, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु के थूथुकुडी और कुड्डालोर शहरों में तेज बारिश हो रही है। IMD ने आज भी यहां बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  
 
एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी ईरान और उसके आसपास के इलाकों के निचले से ऊपरी स्तरों पर चक्रवाती प्रसार के रूप में सक्रिय हो गया है। यह पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इससे पश्चिमी हिमालयी राज्यों के मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 12 से 15 मार्च तक बारिश होगी। इस हिस्से में अगले 3 दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
 
जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में 13 व 14 मार्च को बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान बिजली चमकने और बादल गरजने की भी चेतावनी जारी की गई है।

बाड़मेर और जालोर में पारा 40 पार : राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है तथा राज्य के बाड़मेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जालोर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री, जैसलमेर में 39.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 38.4 डिग्री, सिरोही में 38.3 डिग्री, जोधपुर में 38.1 डिग्री तथा पाली व बीकानेर में 38-38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के शेष अधिकांश भागों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री अधिक रहा है।
 
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 13 से 15 मार्च के दौरान एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व उत्तर-पश्चिम व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश/बूंदाबांदी होने की संभावना है। 14 मार्च को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
 
webdunia
मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, पश्चिमी हिमालय, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और कोंकण व गोवा में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
 
तमिलनाडु के थूथुकुडी और कुड्डालोर शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। IMD ने क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, असम और केरल में भी सोमवार को जमकर बारिश हुई है। 
 
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम : स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उत्तर पंजाब, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की बारिश के आसार हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश गरज के साथ हो सकती है। केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में आज भी बारिश की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

योगी के मंत्री बोले, जिसे होली के रंग से बचना है, हिजाब पहन लें