Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather Update : मध्य प्रदेश पहुंचा मानसून, जानिए क्या है देश में बारिश का हाल?

Advertiesment
हमें फॉलो करें weather update

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, मंगलवार, 17 जून 2025 (11:46 IST)
Weather Update : मानसून दक्षिण पश्चिम सोमवार को मध्य प्रदेश तक पहुंच गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और गुजरात व मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों तक मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। गुजरात, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है।
 
दिल्ली में बारिश की संभावना : दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। शहर में सुबह साढ़े आठ बजे तक सापेक्षिक आर्द्रता 71 प्रतिशत दर्ज की गयी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए गुरुवार तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया और आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया है।
 
पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश : पूर्वी राजस्थान में अनेक जगहों पर बीते चौबीस घंटे में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि सप्ताहांत में बारिश की गतिविधियां और जोर पकड़ेंगी।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, मंगलवार को सुबह तक बीते चौबीस घंटों में पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर, पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई। पूर्वी राजस्थान में कहीं कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश सीकर में 74 मिलीमीटर दर्ज की गई।
 
इसके अनुसार, 18-20 जून के दौरान सीमावर्ती इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कौटा व उदयपुर संभाग में कहीं कहीं बादल छाए रहने, बूंदाबादी होने की संभावना है। वहीं 21 जून से पूर्वी राजस्थान में बारिश की तीव्रता व इलाके में बढ़ोतरी होगी। 21-22 जून को कोटा व भतरपुर संभाग में कहीं कहीं भारी बारिश हो सकती है।
 
webdunia
उत्तर प्रदेश में गर्मी से राहत : उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक इलाकों में मानसून-पूर्व बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम में यह बदलाव मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तरों पर पुरवा हवा के बीच परस्पर क्रिया के कारण हुआ है।
 
आंचलिक मौसम केंद्र (लखनऊ) की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य के पश्चिमी भागों में कई स्थानों पर जबकि पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई। खासकर तराई क्षेत्र में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। बरेली जिले में सबसे अधिक 149.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। इसके अलावा सहारनपुर के नकुड़ इलाके में 120 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि बिजनौर में 86 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक बारिश मनकापुर (गोंडा) में 83 मिलीमीटर और शारदानगर (लखीमपुर खीरी) में 66.4 मिलीमीटर दर्ज की गई।
 
मध्य प्रदेश में मानसून : मानसून ने सोमवार को दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश में दस्तक दी। बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। फिलहाल यह इंदौर से करीब 100 किलोमीटर दूर है और आज इसके मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया है। कहा जा रहा है कि यह अगले एक सप्ताह में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।
 
क्या है केरल में मौसम का हाल : उत्तरी केरल में हुई भारी बारिश से सड़क और रेल सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई। नदियों का जल स्तर बढ़ गया और जलाशय भी लबालब भर गए। कन्नूर और कासरगौड़ा जिलों में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में भरने से कई लोगों को राहत शिविरों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। कासरगोड में तेजस्विनी पूझा सहित प्रमुख नदियां उफान पर हैं, जिसके कारण अधिकारियों ने जल निकायों में जाने के खिलाफ चेतावनी जारी की है।
 
मुंबई पानी पानी : मुंबई में सोमवार को हुई भारी बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए और सड़क यातायात, उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवा और मेट्रो रेल सेवाएं बाधित हुईं। हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा। महानगर में औसतन 100 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई। मंगलवार को समुद्र में ऊंची लहरे उठने की चेतावनी भी जारी की गई है। कई जगह तेज हवाएं भी चलीं और ओवरहेड तारों पर प्लास्टिक शीट गिरने से घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा लाइन पर मेट्रो सेवा प्रभावित हुई।
edited by : Nrapendra Gupta 
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

बिहार के 7 जिलों में आकाशीय बिजली का कहर, 14 लोगों की मौत