Publish Date: Tue, 02 Apr 2024 (08:23 IST)
Updated Date: Tue, 02 Apr 2024 (11:41 IST)
Weather Update : मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक, ओडिशा, और आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज भी यहां लू को लेकर अलर्ट जारी किया है।
IMD ने मध्य भारत, उत्तरी मैदानी इलाकों और दक्षिण भारत के कई इलाकों में 2 से 8 दिनों तक लू चलने का अनुमान जताया है। हालांकि विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में 7 अप्रैल तक बारिश और तूफान की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 2 अप्रैल तक तेलंगाना में और 4 अप्रैल तक आंध्र प्रदेश में लू चलने की चेतावनी दी है। 2 से 4 अप्रैल तक मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में लू चल सकती है।
उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली तेज हवाओं के चलते दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। मंगलवार को भी हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इस हफ्ते राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में सोमवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इंदौर में 1 अप्रैल को 4 वर्ष में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया तो दमोह में भी तापमान 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया। दमोह प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.5 था। रीवा और खजुराहों में 39.2 डिग्री सेल्सीयत तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि अप्रैल 2024 के दौरान, दक्षिण प्रायद्वीप के कई हिस्सों और उससे सटे उत्तर-पश्चिम मध्य भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सामान्य से अधिक उष्ण लहर/हीट वेव दिन रहने की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta
Photo courtesy : India meteorological department
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें