Publish Date: Tue, 02 Jan 2024 (11:35 IST)
Updated Date: Tue, 02 Jan 2024 (12:10 IST)
Weather update 2 january : राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हुई कई स्थानों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अनेक जगह लोग अलाव जला कर सर्दी से बचने की कोशिश करते नजर आए।
सर्दी और कोहरे की चपेट में राजस्थान: राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और मंगलवार की सुबह की शुरुआत भी घने कोहरे के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी जयपुर सहित राज्य के अनेक हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। जयपुर हवाई अड्डे पर आज एक बार फिर दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 मीटर दर्ज की गई।
बीते चौबीस घंटे में राज्य के कुछ भागों में शीत दिन जबकि अलवर, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में 'अति शीत दिन' दर्ज किया गया। बीती रात न्यूनतम तापमान सीकर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फलोदी में यह 4.8 डिग्री, करौली में 5.2 डिग्री, जैसलमेर में 5.4 डिग्री, पिलानी में 5.7 डिग्री, सिरोही में 6.0 डिग्री, धौलपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। संगरिया और गंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान क्रमश: 11.5 डिग्री व 11 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायसेन में बस पलटी : मध्यप्रदेश के रायसेन में घने कोहरे के चलते तड़के आज एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। नेशनल हाईवे 146 भोपाल-विदिशा बायपास मार्ग पर हलाली फिल्टर प्लांट के पास घने कोहरे के कारण एक यात्री बस पलट गई। इस घटना में बस में सवार 29 यात्रियों में से 19 यात्रियों को चोटें आई, जिसमें 2 यात्रियों की हालत गंभीर है। गम्भीर रुप से दोनों घायलों को भोपाल रेफर किया गया है। यह बस सतना से इंदौर जा रही थी।
डल झील में जमी बर्फ : कश्मीर घाटी में शीत लहर के प्रकोप के साथ न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है और जलाशयों में पानी जम गया है। सोमवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे डल झील की सतह पर बर्फ की एक पतली परत बन गई है। कश्मीर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाले पाइप के अंदर पानी जम गया है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह शून्य से नीचे 5.7 डिग्री सेल्सियस था। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्कीइंग रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चार डिग्री, काजीगुंड में 4.4 डिग्री, कोकेरनाग शहर में 2.7 डिग्री और कुपवाड़ा में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह तेज हवाएं चलने के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक, 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के कुछ छिटपुट इलाकों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहा। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 84 प्रतिशत दर्ज किया गया। कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चल रही हैं।
आज कहां कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, 2 जनवरी को दक्षिणी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की छिटपुट बारिश संभव है और उसके अगले दिन इसमें वृद्धि हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है।
जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है।
पंजाब के कई हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति संभव है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।
Edited by : Nrapendra Gupta
webdunia
Publish Date: Tue, 02 Jan 2024 (11:35 IST)
Updated Date: Tue, 02 Jan 2024 (12:10 IST)