Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गर्मी से 5 दिन की राहत, देश के ज्यादातर हिस्सों में नहीं चलेगी लू

Advertiesment
हमें फॉलो करें weather update
, रविवार, 23 अप्रैल 2023 (08:46 IST)
यूपी, राजस्थान और हरियाणा में चलेगी धूलभरी आंधी
पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा में कम हुआ लू का प्रकोप
पंजाब, बिहार और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना
 
India Weather Update : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को कहा कि अगले 5 दिनों तक देश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी की स्थिति से राहत मिलने के संकेत हैं।
 
विभाग ने कहा कि चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश और दूसरा आंतरिक तमिलनाडु पर बना हुआ है। अपेक्षाकृत कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश से तेलंगाना होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक बनने का अनुमान है।
 
निजी मौसम एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर’ ने कहा कि एक और कम दबाव का क्षेत्र (ट्रफ) पूर्वोत्तर बिहार से झारखंड होते हुए ओडिशा तक बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ‘ट्रफ’ से आमतौर पर बादल छाते है और बारिश होती है, जिससे तापमान में गिरावट आती है।
 
उल्लेखनीय है कि देश के कई हिस्सों में लोगों को पिछले कुछ दिनों से लू की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उत्तरी और मध्य मैदानी इलाकों में अधिक तापमान की वजह से स्थानीय प्रशासन को या तो स्कूलों का समय बदलने या मौसम में सुधार होने तक स्कूलों को बंद करना पड़ा।
 
इस महीने की शुरुआत में, विभाग ने उत्तर-पश्चिम और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर, अप्रैल से जून तक देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान का अनुमान जताया था। कुछ क्षेत्रों में शुक्रवार से लू से राहत मिलनी शुरू हो गई है जबकि कुछ अन्य क्षेत्रों में जैसे उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत, आंतरिक गुजरात और महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
शनिवार को, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा से लू का प्रकोप कुछ कम हुआ है।
 
मौसम कार्यालय ने बताया कि अगले तीन दिनों में ओडिशा के कुछ हिस्सों में, अगले दो दिनों में बिहार में और विदर्भ में सोमवार को ओलावृष्टि का अनुमान है। रविवार को तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में और सोमवार को ओडिशा में भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण हरियाणा, पूर्वोत्तर राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार को धूल भरी आंधी चल सकती है।
 
स्काईमेट ने कहा कि पूरे पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हल्की बारिश का अनुमान है। पश्चिमी हिमालय, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पंजाब, बिहार, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

अमृतपाल सिंह पंजाब के मोगा से गिरफ्तार, अजनाला कांड के बाद से था फरार