Publish Date: Tue, 24 Dec 2024 (07:48 IST)
Updated Date: Tue, 24 Dec 2024 (09:58 IST)
weather update : जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से उत्तरप्रदेश, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली एनसीआर, मध्यप्रदेश में तापमान गिर गया है। कश्मीर में शीतलहर जारी है। यहां कई स्थानों पर पारा जीरो से कई डिग्री नीचे चला गया है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला में सोमवार को बर्फबारी की वजह से सड़कों पर 3 इंच की बर्फ जम गई। ऊना, हमीरपुर और मंडी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे सोलंगनाला से अटल टनल रोहतांग लौट रहे पर्यटकों की सैकड़ों गाड़ियां फंस गई। बारिश और बर्फबारी के चलते हिमाचल में दो नेशनल हाईवे समेत 30 सड़कें बंद हो गई हैं। पुलिस ने इन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को बर्फबारी हुई जिससे निचले इलाकों में सर्द हवाएं चलने लगीं और पूरा प्रदेश भीषण ठंड की चपेट में आ गया। उत्तराखंड में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मुनस्यारी, हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फ पड़ी। निचले इलाकों में सर्द और बर्फीली हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई। मसूरी, धनोल्टी और चकराता में हिमपात से वहां घूमने आए पर्यटकों के चेहरे खिल गए।
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई। हरियाणा में अंबाला में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में भी अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में करनाल में भी ठंड का प्रकोप रहा और यहां अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री रहा, जबकि सिरसा में अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम था। अमृतसर में अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री जबकि लुधियाना में 14.5 डिग्री दर्ज किया गया।
राजस्थान के गंगानगर, चूरू, पिलानी में हल्की बारिश हुई। राजस्थान में अगले 3 दिन के लिए ओले-बारिश का अलर्ट है। इसके चलते सरकार ने 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक स्कूलों की छुटि्टयां कर दी हैं।
मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन तक ओले, बारिश और कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। रात में ठंडी हवाओं से ठिठुरन रहेगी। 27 दिसंबर को भोपाल, ग्वालियर समेत 21 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट है। वहीं, अन्य जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें