Publish Date: Tue, 27 Dec 2022 (11:44 IST)
Updated Date: Tue, 27 Dec 2022 (12:18 IST)
नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25-26 दिसंबर को पहाड़ों में हुई बर्फबारी की वजह से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं अब मैदानी इलाकों में बह रही हैं। इस वजह से दिल्ली NCR, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मंगलवार को घने से बेहद घना कोहरा छाया रहा।
पंजाब और हरियाणा में जबरदस्त ठंड : पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा और मंगलवार को भी जबरदस्त ठंड की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के नारनौल में एक डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम है।
राज्य में अन्य स्थानों में अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि करनाल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.9, 6.6, 4.4 और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में जबरदस्त ठंड की स्थिति रही और वहां तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट, फरीदकोट और गुरदासपुर में क्रमश: 7.2, 4.4 और तीन डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राजस्थान में कड़ाके की ठंड : राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है जहां बीती सोमवार रात चुरू में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार रात न्यूनतम तापमान चुरू में 0.5 डिग्री, सीकर में 1.5 डिग्री, पिलानी में 1.9 डिग्री, नागौर में 2.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 3.8 डिग्री, संगरिया में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, करौली में 4.2 डिग्री, सिरोही में 4.6 डिग्री, बीकानेर में 3.9 डिग्री, चित्तौड़गढ में 4.7 डिग्री, गंगानगर और बूंदी में 4.8-4.8 डिग्री, अलवर में 5.3 डिग्री, जैसलमेर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 28 दिसंबर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 28 दिसंबर से राज्य में घने कोहरे में कमी आने की संभावना है। वहीं जनवरी के पहले सप्ताह में शीत लहर का नया दौर शुरू होने का अनुमान है।
दिल्ली में बेहद ठंडा दिन : राष्ट्रीय राजधानी के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा जिससे कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई। कम दृश्यता के कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज ठंडा दिन रहने का पूर्वानुमान लगाया है। यहां आज 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है।
दिल्ली में सोमवार को बेहद ठंडा दिन था, क्योंकि अधिकतम तापमान कुछ स्थानों पर सामान्य से 10 डिग्री कम दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta
webdunia
Publish Date: Tue, 27 Dec 2022 (11:44 IST)
Updated Date: Tue, 27 Dec 2022 (12:18 IST)