Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Weather update : दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, अप्रैल में ही तप रहा पूरा भारत, बेंगलुरू भी बेहाल, जानें कब मिलेगी राहत

हमें फॉलो करें Weather update : दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, अप्रैल में ही तप रहा पूरा भारत, बेंगलुरू भी बेहाल, जानें कब मिलेगी राहत

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , मंगलवार, 9 अप्रैल 2024 (00:10 IST)
Weather Update : अप्रैल में ही देश के कई राज्यों में गर्मी की मार पड़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली में सोमवार का दिन गर्म रहा और अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2 डिग्री अधिक है। IMD ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में आर्द्रता का स्तर 21 प्रतिशत से 68 प्रतिशत के बीच रहा।
 
पड़ेगी भीषण गर्मी : आईएमडी ने कहा है कि पूर्व और उत्तर-पूर्व के कुछ हिस्सों और उत्तर-पश्चिम के कुछ हिस्सों को छोड़कर भारत के ज्यादातर इलाकों में अप्रैल महीने में गर्मी ज्यादा पड़ेगी और अधिकतम -न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में ही उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक भीषण गर्मी पड़ने वाली है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है।
 
मौसम कार्यालय ने दिल्ली में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
 
बेंगलुरू में भी नहीं राहत : कर्नाटक में तापमान बढ़ रहा है, तो वहीं बेंगलुरु के निवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावनाएं नहीं है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले एक सप्ताह तक आईटी हब में बारिश नहीं होने का अनुमान व्यक्त किया है।
 
आईएमडी के अनुसार, कर्नाटक के अंदरूनी में हल्की बारिश हुई, लेकिन तटीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को चिकमगलुरु, कोडागु और मैसूर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क ही रहेगा।
 
आईएमडी ने इसी तरह 10 अप्रैल को कोडागु जिले के अलग-अलग स्थानों में हल्की बारिश होने और शेष जिलों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है।
 
दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़ और उडुपी जिले में अगले चार दिन गर्म और आर्द्र मौसम रहने का अनुमान है। इसके अगले दो दिन आंतरिक कर्नाटक के सभी जिलों में अधिकतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
 
बेंगलुरु में रविवार को 37.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को राजधानी ने पिछले आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तब 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
राज्य में बढ़ते हुए तापमान को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपने सिर को ढंके बिना बाहर न निकलें और लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
 
आईएमडी के वैज्ञानिक ए. प्रसाद ने कहा कि अगले एक सप्ताह के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।
 
उनके अनुसार, तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ जिलों में हल्की बारिश होगी, लेकिन अल नीनो के प्रभाव के कारण राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में अप्रैल के महीने में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।
 
आईएमडी के अनुसार, कोप्पल, रायचूर और कलबुर्गी जिले में अगले दो दिन रात को तापमान अधिक रहेगा। आठ और नौ अप्रैल को उत्तर कन्नड़, बागलकोट, कलबुर्गी, रायचूर, यादगीर और बेल्लारी जिले में लू चलेगी।
 
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कर्नाटक में सात अप्रैल तक गर्मी से संबंधित बीमारी के 569 मामले सामने आए हैं।
 
आईएमडी ने 11 अप्रैल को बीदर, कलबुर्गी, रायचूर, विजयपुरा, यादगीर और कोडागु जिले के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और राज्य के बाकी हिस्सों में शुष्क मौसम की संभावना जताई है। 12 अप्रैल को आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और तटीय कर्नाटक में शुष्क मौसम रहेगा।
 
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग स्थानों पर 13 अप्रैल को हल्की बारिश होने की संभावनाएं हैं। 14 अप्रैल को चामराजनगर, चिकमगलुरु, हासन, कोडागु, शिवमोगा जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और शेष जिलों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।
 
कर्नाटक के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा है। कलबुर्गी जिले में रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार को 43.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। इनपुट भाषा


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Rajasthan Lok Sabha Election : एक जुमला और झूठ है मोदी की गारंटी, प्रधानमंत्री पर बरसे गोविंद सिंह डोटासरा