Who is Errol Musk: अरबपति कारोबारी एलन मस्क के पिता एरोल मस्क जून में अपने भारत दौरे के दौरान अयोध्या में राम मंदिर का दर्शन करेंगे। वह घरेलू कंपनी सर्वोटेक के वैश्विक सलाहकार बोर्ड में शामिल हैं। एरोल ने अपनी भारत यात्रा के दौरान व्यापार से जुड़ी विभिन्न बैठकों में भाग लेने का कार्यक्रम बनाया है।
उनका पांच दिवसीय भारत यात्रा एक जून से शुरू होकर छह जून तक चलेगी, जिसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होंगे। इस घटनाक्रम से अवगत लोगों ने कहा कि (एरोल) मस्क के दौरे में ऐसे कार्यक्रम शामिल हैं, जिनका मकसद भारत को हरित प्रौद्योगिकियों और ईवी चार्जिंग अवसंरचना निर्यात में वैश्विक अगुवा बनने के रणनीतिक प्रयास को बढ़ावा देना है।
बिजनेसमैन और नेताओं से मिलेंगे : सूत्रों के अनुसार कि एक जून को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने वाले मस्क दो जून को कंपनी के एक कार्यक्रम में नीति निर्माताओं, निवेशकों, व्यापारिक नेताओं और विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ नौकरशाहों से मिलेंगे। उन्होंने बताया कि मस्क की यात्रा में हरियाणा के सफियाबाद में सर्वोटेक की सौर और ईवी चार्जर विनिर्माण इकाई का दौरा भी शामिल है, जहां राज्य के मंत्रियों और नौकरशाहों के भी मौजूद रहने की उम्मीद है।
अयोध्या जाएंगे एरोल : सूत्रों ने कहा कि मस्क श्रीराम लला से आशीर्वाद लेने के लिए राम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या भी जाएंगे, जो भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ उनके जुड़ाव को दर्शाता है। सर्वोटेक पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर स्थिरता और हरित पर्यावरण पर जोर देने के लिए एक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन करेगा, जिसमें मस्क भी शामिल होंगे। इसके बाद वह छह जून को दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होंगे।
कौन हैं एरोल मस्क? : 25 मई, 1946 में जन्मे एरोल ग्राहम मस्क एक दक्षिण अफ़्रीकी व्यवसायी, राजनीतिज्ञ और मस्क परिवार के मुखिया हैं। दुनिया के शीर्ष कारोबारी एलन मस्क के पिता 1972 से 1983 तक प्रिटोरिया सिटी काउंसिल के सदस्य थे और राजनीतिक मतभेदों के कारण इस्तीफा देने से पहले 1980 से 1983 तक प्रोग्रेसिव फेडरल पार्टी के सदस्य रहे। एरोल के माता-पिता दक्षिण अफ्रीका से ऑस्ट्रेलिया तक सिंगल-इंजन वाले हवाई जहाज़ से उड़ान भरने वाले पहले व्यक्ति थे। पेशे से एरोल इंजीनियर हैं।
एरोल अत्यंत बुद्धिमान व्यक्ति माने जाते हैं और युवा एलन के जीवन पर भी उनका गहरा प्रभाव पड़ा है। एरोल मस्क ने कई तकनीकी और निर्माण परियोजनाओं में भाग लिया। हालांकि, उनका जीवन विवादों से भी अछूता नहीं रहा। उन्होंने अपनी सौतेली बेटी जना बेजुइडेनहॉट से एक बेटे और एक बेटी को भी जन्म दिया है।
एलन मस्क और उनके बीच के संबंध समय के साथ तनावपूर्ण रहे हैं, एलन ने कई बार सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकार भी किया है। एरोल मस्क का निजी जीवन भी चर्चा में रहा है। उन्होंने दो बार विवाह किया और उनके कई बच्चे हैं, जिनमें किम्बल मस्क और टोस्का मस्क भी शामिल हैं। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala