Publish Date: Tue, 31 Oct 2017 (17:04 IST)
Updated Date: Tue, 31 Oct 2017 (17:28 IST)
-हरीश चौकसी
यह तो सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू समान रूप स देश-विदेश में नजर आता है। मगर इस 'मोदी मैजिक' का राज क्या है? जो बात सामने आ रही है उसके अनुसार मोदी के हाथ में बंधे काले धागे में ही उनके करिश्माई व्यक्तित्व और मोदी मैजिक का रहस्य छिपा हुआ है। अब तो मोदी के करीबी नेता और विरोधी भी इस बात को स्वीकारते हैं।
ऐसे लोगों का मानना है कि यह और कुछ नहीं बल्कि देवी की शक्ति है, जो मोदी को हमेशा विजयी बनाती है। कहा तो यह भी जाता है कि मोदी जब हाथ ऊंचा करके भाषण देते हैं तब लोग हाथ में बंधे काले धागे को देखकर सम्मोहित हो जाते हैं और वोट भाजपा उम्मीदवार की झोली में आ जाते हैं।
यह तो सबको मालूम ही है कि मोदी नवरात्रि में उपवास करते हैं। दरअसल, उनके हाथ में बंधा काला धागा उत्तर गुजरात के मेहसाणा जिले में स्थित टिंबा गांव के मां दुर्गा मंदिर का 'प्रसाद' है। मोदी इस मंदिर में मुख्यमंत्री थे तब भी आते थे और प्रधानमंत्री बनने के बाद भी आते हैं। इस मंदिर के प्रति मोदी की गहरी आस्था है।
बताया जाता है कि इस मंदिर के पुजारी मंत्रजाप करके काला धागा मोदी को भेजते हैं। यह देखकर तो भाजपा के कई कार्यकर्ता भी अब अपने हाथ में इस मंदिर का काला धागा बांधने लगे हैं।