Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

महाराष्ट्र और झारखंड में महिला वोटर्स गेमचेंजर, नगद पैसा से लेकर मुफ्त यात्रा तक का दांव

Advertiesment
हमें फॉलो करें Women Voters Game Changer in Maharashtra Assembly Elections

विकास सिंह

, सोमवार, 11 नवंबर 2024 (13:30 IST)
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अब वोटिंग के लिए 10 दिन से कम का समय बाकी बचा है, ऐसे में सियासी दल वोटरों को रिझाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे है। महाराष्ट्र में इस बार महिला वोटर्स गेमचेंजर साबित होने जा रहे है इसलिए सतारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाडी दोनों ही महिला वोटर्स को साधने में जुट गए है।

महाराष्ट्र और झारखंड में महिला वोटर्स गेमचेंजर- महाराष्ट्र के कुल 9.53 करोड़ वोटर्स में से 4.60 करोड़ महिलाएं हैं, यानी कुल वोटर्स में लगभग 50 फीसदी महिला वोटर्स है। वहीं राज्य की कुल 288 सीटों में से 43 विधानसभा सीटों पर महिला वोटर्स की संख्या पुरुष वोटर्स से अधिक है। ऐसे में इन 43 सीटों पर तो महिला वोटर्स  का रूख ही जीत हार तय करता है। पिछले कुछ राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में महिला वोटर्स के रूख को देखते हुए दोनों गठबंधन महिला वोटर्स को लुभाने के लिए तमाम योजनाएं और वादे कर रहे हैं।

वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव में महिला वोटर गेमचेंजर साबित होने जा रहा है। झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटों पर मतदाताओं की कुल संख्या 2.6 करोड़ है। इनमें 1.29 करोड़ महिलाएं और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। वहीं झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटों में से 29 विधानसभा सीटों पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है, उनमे से 27 विधानसभा सीटें आदिवासी समुदाय के लिए रिजर्व हैं।

महाराष्ट्र में महिला वोटर्स को लुभाने की कोशिश-महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महिला वोटर्स की अहमियत को देखते हुए सभी पार्टियां महिला मतदाताओं को लुभाने में जुटी हैं। महाराष्ट्र में महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों ही गठबंधनों ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में महिला वोटर्स को साधने के लिए बड़े वादे किए है। सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने लाडली बहिन योजना को अपने लिए  तुरुप का इक्का मान रही है, इसलिए उसने अपने घोषणा पत्र में इस योजना में की राशि 2100 रुपए करने का वादा किया। अब महाराष्ट्र में गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों की महिलाओं को लाड़ली बहिन योजना में 1500 रु. दिए जाते है। सत्ताधारी गठबंधन ने अपने घोषणापत्र में इस वित्तीय सहायता को बढ़ाकर 2,100 रुपये प्रति माह करने का वादा किया है।

इसके साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 2027 तक 50 लाख लखपति दीदी बनाने का एलान किया है। इसके साथ महायुति गठबंधन में महिलाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा करते हुए पुलिस में 25 हजार महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती करने का एलान और आशा वर्करस् को हर महीने 15 हजार वेतन के साथ बीमा कवर के दायरे में लाने का वादा किया।

दूसरी महाविकास अघाड़ी गठबंधन ने सत्ता में आने पर महालक्ष्मी योजना लाने का एलान कर हर महीने हर महिला को 3 हजार रूपए देने का चुनावी वादा किया है। इसके साथ  इसके साथ राज्य परिवहन बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा और महिला कर्मियों को पीरियडमें 2 दिन की ऐच्छिक छुट्टी देने की चुनावी घोषणा की है। वहीं हर परिवार को साल में 500 रुपए में 6 सिलेंडर देने का वादा किया है। वहीं महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए महाराष्ट्र में महिलाओं के लिए महिला सुरक्षा को लेकर सख्या कानून लाने का वादा किया है।

झारखंड में महिला वोटर्स को साधने की कवायद-विधानसभा चुनाव में आदिवासी महिलाओं का साधने के लिए मुफ्त का दांव सत्तारूढ़ पार्टी जेएमएम के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मईया सम्मान योजना और भाजपा ने गोगो दीदी योजना लाने का वादा चल दिया है। झारखंड में इस बार चुनाव में महिला वोटर्स पर सभी पार्टियों का बड़ा फोकस है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में झारखंड में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में कहीं अधिक अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, ऐसे में विधानसभा चुनाव में भी महिला वोटर्स के बड़ी संख्या में वोट करने का अनुमान है। महिला वोटर्स की बड़ी संख्या और विधानसभा चुनाव में उनका रूख यह तय करेगा कि झारखंड में अगली सरकार किसकी होगी।  ।

पिछले साल हुए मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिस लाड़ली बहना योजना के बल पर सत्ता में प्रचंड बहुमत के साथ वापसी की थी वहीं कार्ड अब मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड के भाजपा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड विधानसभा में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए खेला है।

चुनाव से पहले सोरेन सरकार का मास्टर स्ट्रोक-झारखंड विधानसभा चुनाव में महिला वोटर्स की बड़ी भूमिका को देखते हुए सत्तारूढ़ पार्टी जेएमएम के मुखिया हेमंत सोरेन ने मास्टर स्ट्रोक चलते हुए मैया सम्मान योजना के तहत हर महिला को ढ़ाई हजार रूपए देने का एलान कर दिया। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले हेमंत सोरेन सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक में मइयां सम्मान योजना की राशि में इजाफा कर दिया गया मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना के तहत मिलने वाली 1000 रुपये की राशि बढ़ाकर अब 2500 रुपए कर दी गई।

सोरेन सरकार का दावा है कि योजना के तहत राज्य की 18 से 50 साल की करीब 50 लाख महिलाओं को योजना के तहत राशि दी जा रही है और दिसंबर महीने से उन्हें बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा. अब उन्हें पूरे साल में कुल 12 हजार रुपये के बदले 30 हजार रुपये दिए जाएंगे. इस योजना का लाभ 53 लाख महिलाओं को होने वाला है। वहीं चुनाव में इस योजना को भुनाने के लिए सरकार की ओर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिला सम्मान यात्रा  भी निकाली गई।

गोगो दीदी योजना से सहारे भाजपा-वहीं राज्य में सरकार में वापसी की कोशिश में जुटी भाजपा ने 'मंईयां सम्मान योजना' के जवाब में 'गोगो दीदी योजना' लाने का ऐलान किया है, जिसके तहत राज्य में पार्टी की सरकार बनने पर प्रतिमाह महिलाओं को 2,100 रुपए की राशि देने का वादा किया गया है। गोगो दीदी योजना का अर्थ है मां और दीदी योजना है। झारखंड़ के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कहते है कि हमारी सरकार मध्यप्रदेश में है वहां लाड़ली बहना योजना चल रही है, हमारी सरकार महाराष्ट्र में है तो वहां भी लाड़की बहीण योजना चल रही है, हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में है तो वहां भी महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को राशि दी जा रही है। ओडिशा में अभी-अभी सरकार बनी है और वहां भी बहनों के खातों में पैसा डालना शुरू कर दिया गया है। वहीं झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर बहनों के खाते में गोगो दीदी योजना बनाकर 2100 रुपए डाले जाएंगे।
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आंध्र सरकार का 2.94 लाख करोड़ का बजट पेश, राजकोषीय घाटा 4.19 प्रतिशत रहने का अनुमान