Publish Date: Sat, 03 Nov 2018 (12:15 IST)
Updated Date: Sat, 03 Nov 2018 (12:23 IST)
गुजरात में सरदार सरोवर बांध के निकट 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभ भाई पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के अनावरण के बाद उसे देखने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले वीआईपी मेहमान बने। योगी के गुजरात से लौटने के बाद से खबरें हैं कि योगी भी अयोध्या में सरयू के किनारे भगवान राम की 151 मीटर ऊंची तांबे की प्रतिमा बनवाएंगे।
कुछ दिन पहले ही योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि वे इस बार दीपावली पर उत्तरप्रदेश की जनता को भव्य तोहफा देंगे। इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि योगी आदित्यनाथ इस बार भगवान राम की प्रतिमा बनवाने की घोषणा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद ही वे इस बात की चर्चा कर चुके हैं।
4 से 6 नवंबर तक अयोध्या में मनाए जाने वाले दीपावली महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इसी महोत्सव के दौरान सरयू तट पर राम की प्रतिमा निर्माण का ऐलान वे कर सकते हैं। खबरों के मुताबिक, यह प्रतिमा तांबे की होगी।