Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बिहार रामनवमी हिंसा : सासाराम में ब्लास्ट, बिहार शरीफ में FIR, कुल 173 गिरफ्तार

Advertiesment
हमें फॉलो करें Bihar Police
, सोमवार, 3 अप्रैल 2023 (23:46 IST)
पटना। बिहार पुलिस ने रामनवमी जुलूस के दौरान नालंदा जिले के बिहारशरीफ और रोहतास जिले के सासाराम में भड़के सांप्रदायिक तनाव के मामले में अब तक 173 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। 1 अप्रैल को रोहतास के सासाराम में हुए बम विस्फोट में 6 लोग घायल हो गए थे।
 
अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) जे.एस. गंगवार ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए बताया कि शनिवार और रविवार को हुई झड़पों के बाद दोनों जिलों में 4 अप्रैल तक इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।
 
उन्होंने कहा कि दोनों शहरों में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। गंगवार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। दोनों शहरों में सुरक्षाकर्मियों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। पुलिस अफवाह फैलाने वालों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रख रही है।
 
बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र के बाजार समिति इलाके में पुलिस ने सोमवार की शाम करीब 6.15 बजे 65 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद किया, लेकिन शरीर पर कोई बाहरी चोट का निशान नहीं है। आगे की जांच जारी है।
 
बयान के अनुसार अतिरिक्त सुरक्षा बलों की 26 से अधिक कंपनियां जिनमें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 19, सशस्त्र सीमा बल की 3, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 1 तथा रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की 3 कंपनियां शामिल हैं, को दोनों जिलों में अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया है।
 
बिहार पुलिस ने नालंदा में बढ़ते तनाव के बारे में सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को भी खारिज कर दिया। पुलिस ने लोगों से ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने सोमवार को जारी एक वीडियो बयान में कहा कि अफवाह फैलाई जा रही है कि नालंदा में पुलिसकर्मियों के हथियार लूट लिए गए, यह पूरी तरह निराधार है।
 
गौरतलब है कि गुरुवार (30 मार्च) को रामनवमी के जुलूस के दौरान 2 पक्षों के बीच हुई झड़प शनिवार तक जारी रही। 1 अप्रैल को रोहतास के सासाराम में हुए बम विस्फोट में 6 लोग घायल हो गए थे। खबरों के मुताबिक धमाका अवैध विस्फोटकों को संभालने के दौरान हुआ। विस्फोट के सिलसिले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
 
गंगवार ने कहा कि शनिवार को रात 9 बजे 6 व्यक्तियों के घायल होने की रिपोर्ट के सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि अवैध विस्फोटक संचालन के दौरान वे स्वयं घायल हुए थे। इसका सासाराम में हुई झड़पों से कोई संबंध नहीं है। आगे की जांच जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का रविवार को सासाराम दौरा गत गुरुवार को हुई झड़पों के कारण रद्द कर दिया गया था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Kerala Train Fire: चलती ट्रेन में आगजनी, ट्रैक पर मिले 3 के शव, जांच के लिए SIT गठित, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं