Publish Date: Sun, 13 Feb 2022 (15:28 IST)
Updated Date: Sun, 13 Feb 2022 (15:36 IST)
जयपुर। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र के मातृकुंडिया में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन मंदिर में लकड़ी के बल्ली फंटे के टूट जाने से 5 मजदूर गिर गए। 2 मजदूरों की मौत हो गई जबकि 3 अन्य घायल हो गए।
थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि जाट समाज के निर्माणाधीन मंदिर में लकडी के बल्ली फंटे पर काम कर रहे 5 मजदूर बल्लियों के टूटने से गिर गए जिससे 2 मजदूर कालूराम गरासिया (23) और राजू (25) की मौत हो गई। 3 अन्य मजदूर घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिये चित्तौड़गढ़ राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।