Publish Date: Wed, 12 Jul 2017 (21:31 IST)
Updated Date: Wed, 12 Jul 2017 (21:33 IST)
पुणे। क्राइम पेट्रोल से प्रसिद्ध हुई अभिनेत्री पूजा जाधव को भोसारी पुलिस ने एक व्यवसायी के खिलाफ फर्जी बलात्कार की शिकायत पर बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला ने दो अन्य लोगों की मदद से कई अमीर लोगों को चूना लगाया था।
आरोपी अभिनेत्री ने व्यवसायी को फंसा लिया था और उसे बलात्कार की शिकायत दर्ज कराने की धमकी दे कर जबरन रुपए मांग रही थी लेकिन व्यवसायी ने पहले ही पुलिस को इस बात की जानकारी दे दी थी और पुलिस ने शिकायत लिखाने गई आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी महिला ने दो अन्य लोगों की मदद से कई अमीर लोगों को चूना लगाया था। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि इस लड़की ने इसी तरह किसी और को फंसाया है तो पुलिस स्टेशन में आकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहले ये सभी संदिग्ध अपने लक्ष्य के संबंध में सूचना एकत्र करते थे और बाद में फिर फोन पर संपर्क करते थे। जान-पहचान बनाने के बाद आरोपी पीड़ितों को रुपए के लिए ब्लैकमेलिंग करना शुरू करते थे। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है तथा दो अन्य की तलाश कर रही है। (वार्ता)