Publish Date: Thu, 18 Oct 2018 (20:18 IST)
Updated Date: Thu, 18 Oct 2018 (20:54 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी को 1,11,100 रुपए चंदा देने की पेशकश की है लेकिन इसके लिए उन्होंने एक शर्त भी रखी है। उनका कहना है कि यदि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली मेट्रो की चतुर्थ चरण परियोजना को मंजूरी देते हैं तभी वे यह राशि देंगे।
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार और भाजपा नीत केंद्र सरकार के बीच दिल्ली मेट्रो की इस चतुर्थ चरण परियोजना को लेकर विवाद है। अगर इस मुद्दे को जल्द नहीं सुलझाया गया तो इस परियोजना को शुरू होने में विलंब हो सकता है।
तिवारी ने हिन्दी में ट्वीट किया कि अरविंद केजरीवालजी उन लोगों को इस तरह सजा न दें जिन्होंने आपको चुना है। मुख्यमंत्री का कहना है कि वे दिल्ली में मेट्रो की चतुर्थ चरण परियोजना शुरू नहीं करेंगे जबकि दिल्ली ने उन्हें 70 विधानसभा सीटों में 67 सीटें दीं।
उन्होंने कहा कि भाई आप अपना चंदा ले लो, मैं आपको गीत गाकर कमाई गई अपनी आय में से 1,11,100 रुपए दूंगा यदि आप मेट्रो की चौथी परियोजना पास कर देते हैं तो। इस सप्ताह केजरीवाल ने चंदा अभियान 'आप का दान, राष्ट्र का निर्माण' शुरू किया है।
पिछले गुरुवार को शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली सरकार पर पिछले 3-4 साल में मेट्रो की चतुर्थ चरण परियोजना के लिए वित्तीय मंजूरी नहीं देने का आरोप लगाया था। इस पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का कहना था कि उन्हें 'लगा था' कि इस परियोजना का वित्त पोषण पुरी का मंत्रालय करेगा। (भाषा)