Publish Date: Wed, 07 Dec 2022 (14:30 IST)
Updated Date: Wed, 07 Dec 2022 (14:35 IST)
नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नपुंसकता का शिकार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 48 घंटों में 6 लोमहर्षक घटनाएं हो चुकी हैं। बिहार में एक बार फिर जंगल राज की वापसी हो गई है।
केन्द्रीय मंत्री चौबे ने कहा कि भाजपा न सिर्फ गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करेगी बल्कि बिहार के कुढ़नी उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में 2 दिन से लगातार हत्याएं हो रही हैं। मुख्यमंत्री नपुंसकता का शिकार हो गए हैं। यह जंगल राज नहीं तो और क्या है?
उन्होंने कहा कि नीतीश जी आपसे बिहार नहीं चलने वाला। आपके राज में बिहार की दुर्गति हो गई है। आपको तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
हालांकि ट्विटर पर लोगों ने मंत्री के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है। शादाब ने कहा- ये भाषा केंद्रीय मंत्री की, बेहद घटिया और शर्मनाक बयान है। यही कोई विपक्ष वाला ऐसी भाषा का प्रयोग कर जाए तो जमीन आसमान एक हो जाता है। अखिलेश ने कहा- ये नही चाहते कि कोई छोटी जाति, पिछड़ा, दलित, आदिवासी इनके ऊपर शासन करे। इसलिए हर कोशिश करेंगे बदनाम करने की। जैसे जंगलराज, कुशासन।