Publish Date: Fri, 15 Jun 2018 (22:42 IST)
Updated Date: Fri, 15 Jun 2018 (22:45 IST)
गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को और बिगड़ने के साथ राज्य के 7 जिलों में तकरीबन 4 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के मुताबिक होजाई, कर्बी आंगलांग पूर्व, कर्बी आंगलांग पश्चिम, गोलाघाट, करीमगंज, हैलाकांडी और कछार जिले में 3.87 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। गुरुवार को तक 7 जिले में 1.67 लाख लोग प्रभावित हुए थे।
राज्य के विभिन्न हिस्से में भूस्खलन और बाढ़जनित घटनाओं में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा हैलाकांडी में 2.06 लाख लोग, इसके बाद करीमगंज में तकरीबन 1.33 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। एएसडीएमए ने बताया कि फिलहाल 668 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 1,912 हैक्टेयर फसल बर्बाद हुई है। गुवाहाटी शहर में 4 जगहों पर भूस्खलन हुआ लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बंदरखल और दामछड़ा स्टेशनों के बीच जमीन खिसकने के कारण लामडिंग बदरपुर खंड पर रेल सेवा ठप है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी प्रणव ज्योति शर्मा ने कहा कि प्रभावित स्थानों पर कार्य प्रगति में है और शुरुआती आकलन के मुताबिक पूरी तरह सेवा बहाल होने में 2-3 दिन का वक्त लग सकता है। (भाषा)