Publish Date: Tue, 24 Jan 2023 (15:12 IST)
Updated Date: Tue, 24 Jan 2023 (15:43 IST)
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के व्यस्त के आर मार्केट इलाके में एक युवक ने मंगलवार को सुबह एक फ्लाईओवर से 10 रुपए के नोट फेंके, जिसे लूटने के लिए होड़ मच गई और अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में नोट फेंकने वाला युवक काला कोट पहने नजर आ रहा है और उसके गले में एक दीवार घड़ी टंगी हुई है। इसमें देखा जा सकता है कि फ्लाईओवर पर मौजूद लोग अपने आसपास बिखरे और उड़ते नोटों को देखते हुए उन्हें बंटोरने के लिए दौड़ पड़ते हैं। इससे फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
बताया जा रहा है कि नोट फेंकने वाले युवक की उम्र 30 से 40 साल के बीच है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि उसने कुल तीन हजार रुपए मूल्य के 10 रुपए के करेंसी नोट फेंके।
पुलिस को अंदेशा है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। मामले की जांच जारी है।