Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

बिहार में फिर महागठबंधन की सरकार, 8वीं बार CM पद की शपथ लेंगे नीतीश, BJP करेगी धरना प्रदर्शन

हमें फॉलो करें बिहार में फिर महागठबंधन की सरकार, 8वीं बार CM पद की शपथ लेंगे नीतीश, BJP करेगी धरना प्रदर्शन
, बुधवार, 10 अगस्त 2022 (01:06 IST)
पटना। नीतीश कुमार 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार दिनभर चली सियासी उठापटक के बीच यह तय हो गया कि बिहार में एक बार फिर महागठबंधन की सरकार बनेगी।  नीतीश कुमार ने भाजपा नीत एनडीए को छोड़कर लालू यादव की राजद से हाथ मिला लिया। नीतीश के साथ छोड़ने पर भाजपा प्रदर्शन करेगी। जानिए बड़ी बातें- 
1. दोपहर को होगा शपथ : नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव क्रमशः मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ बुधवार दोपहर 2 बजे लेंगे। राजभवन में दोपहर दो बजे एक सादे समारोह में दोनों शपथ लेंगे। कुमार के जदयू और यादव के राजद सूत्रों ने कहा कि बाद में दो सदस्यीय मंत्रिमंडल में और मंत्रियों को शामिल किया जाएगा।
 
2. कांग्रेस को मिल सकते हैं 4 मंत्री पद : नई गठबंधन सरकार में कांग्रेस को चार मंत्री पद मिल सकते हैं। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नई सरकार में कांग्रेस को चार मंत्री पद मिल सकते हैं।
 
3. कांग्रेस से ये बन सकते हैं मंत्री : कांग्रेस की विधानसभा अध्यक्ष का पद पाने की भी इच्छा थी, लेकिन नीतीश इसके लिये तैयार नहीं दिखते। कांग्रेस कोटे से जिन नेताओं के मंत्री बनने की संभावना है उनमें प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता अजीत शर्मा और वरिष्ठ नेता राजेश राम के नाम प्रमुख हैं। पार्टी किसी अल्पसंख्यक नेता को भी मौका दे सकती है।
 
3. सात दलों का नेतृत्व : भाजपा नीत राजग को छोड़ कुमार 8वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे सात दलों के गठबंधन का नेतृत्व करेंगे। इस गठबंधन को एक निर्दलीय का समर्थन प्राप्त है।
 
5. भाजपा ने बताया पलटूराम : भाजपा ने एनडीए से अलग होकर राजद से हाथ मिलाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘अवसरवादी’ करार देते हुए उन पर जनादेश का अपमान करने और बिहार की जनता को ‘धोखा’ देने का आरोप लगाया।
 
6. नीतीश के आरोपों का खंडन : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने जनता दल (यूनाइटेड) के उन आरोपों का खंडन किया, जिसमें भाजपा पर पार्टी को तोड़ने की मंशा रखने और नीतीश कुमार की सहमति के बिना आरसीपी सिंह को केंद्रीय मंत्री बनाने की बात कही गई। उन्होंने दावा किया कि जद(यू), भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने के लिए एक बहाना तलाश रही थी।
 
7. सोनिया-राहुल का जताया आभार : बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और महागठबंधन की तरफ से नई सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद नीतीश कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से बात की तथा समर्थन के लिए उनका आभार जताया। 
 
8. राष्ट्रपति शासन की मांग : लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान ने इस्तीफा देने पर नीतीश कुमार की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि उन्होंने दूसरी बार जनादेश का अपमान किया है। पासवान ने बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने और नए सिरे से चुनाव कराए जाने की मांग की।
 
9. भाजपा का प्रदर्शन : भाजपा ने नीतीश कुमार पर ‘आदतन धोखेबाज’ होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ उनका नया गठबंधन बिहार को एक बार फिर अराजकता और भ्रष्टाचार की खाई में धकेल देगा। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के बाद जारी एक बयान में पार्टी ने घोषणा की कि आज सभी जिलों में ‘विश्वासघात’के खिलाफ महाधरना का आयोजन करेगी जिसके एक दिन बाद प्रखंड स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। 
 
10. तेजस्वी के आरोप : राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि देश का माहौल खराब किया जा रहा है। देश में बेतहाशा महंगाई और बेरोजगारी है। उन्होंने कहा कि झगड़े तो हर घर में होते हैं, पुरानी बातों को भूल जाइए, अब चाचा-भतीजा मिलकर बिहार को तेज गति से विकास की राह पर ले जाएंगे। अपने पुरखों की विरासत किसी और को नहीं ले जाने देंगे, ये हमारे पास रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जिसके साथ रहती है उसको खत्म करने में लगी रहती है। भाजपा की जो तैयारी थी सभी को पता है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

दिल्ली में फिर पैर पसार रहा Corona, 24 घंटे में 2495 नए संक्रमित, 7 की मौत