Publish Date: Thu, 10 Jan 2019 (11:41 IST)
Updated Date: Thu, 10 Jan 2019 (11:46 IST)
बिहार में ट्रेन में लूट की बड़ी घटना हुई। चेहरे पर मास्क और हाथों में बंदूक लिए करीब दर्जन भर से अधिक बदमाशों ने बुधवार की रात मुसाफिरों के बीच तांडव किया और बड़ी लूटपाट की। बदमाशों ने 1 घंटे तक बंदूक का डर दिखाकर 200 यात्रियों को लूटा।
बिहार के क्यूल और जमालपुर स्टेशन के बीच धनौरी स्टेशन (लखीसराय) के पास ट्रेन को घंटेभर से ज्यादा रोककर बदमाशों ने मुसाफिरों से लूटपाट की और उनसे सभी कीमती सामान छीन लिए।
बुधवार की रात धनौरी स्टेशन के पास नई दिल्ली से भागलपुर जा रही ट्रेन संख्या 12350 में करीब 9.30 बजे घंटे भर से ज्यादा देर तक रोक कर ट्रेन में लूटपाट होती रही। खबरों के अनुसार बदमाशों की संख्या करीब 15 थी।
बदमाशों ने मास्क पहन रखा था और सबके हाथों में बंदूक थी। बदमाशों ने तीन एसी और एक स्लीपर कोच को निशाना बनाया और इस तरह से चार कोच में लूटपाट की।
खबरों के मुताबिक बदमाशों ने यात्रियों से मोबाइल, लैपटॉप, गहने और नकदी सभी छीन लिए। इस मामले में जमालपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है। हालांकि किसी भी बदमाश को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। (प्रतीकात्मक फोटो)