Publish Date: Wed, 30 Jan 2019 (15:22 IST)
Updated Date: Wed, 30 Jan 2019 (15:28 IST)
अलीगढ़। लगता है कि आजकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही नहीं, भाजपा विधायक भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली से परेशान हैं और खुले आम उनके खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत दिखा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर अलीगढ़ में भाजपा विधायक राजवीर सिंह दिलेर का वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के इगलास से विधायक राजवीर सिंह ने मोदी पर आरोप लगाया कि वे जाति की राजनीति करते हैं। भाजपा विधायक ने कहा कि वे मोदी की तरह नहीं हैं। जाति की राजनीति करने में उनका विश्वास नहीं है।
दरअसल भाजपा विधायक राजवीर सिंह उज्ज्वला योजना के तहत ग्रामीण गरीब महिलाओं के लिए गैस कनेक्शन वितरण करने के लिए बतौर मुख्य अतिथि यहां आए थे।
मंच से भाषण देते देते वे इतने खो गए कि प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगा बैठे। जब उन्होंने मोदी पर जाति की राजनीति करने का आरोप लगाया तो वहां उपस्थित भाजपा कार्यकर्ता सकते में आ गए। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि भाजपा विधायक की जुबान इतनी कड़वी हो जाएगी।
जब भाजपा विधायक अपने ही प्रधानमंत्री को आड़े हाथों ले रहे थे, तब उनकी सारी बातें कैमरे में रिकॉर्ड हो रहीं थी। बाद में उनके गंभीर आरोप का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।