Publish Date: Sun, 06 May 2018 (14:10 IST)
Updated Date: Sun, 06 May 2018 (14:16 IST)
(फाइल फोटो)
बलिया। अपने विवादास्पद बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में संस्कृतियों की लड़ाई होगी और यह धर्म युद्ध होगा। इसमें महाभारत की तरह एक बार फिर कौरवों और पांडवों के बीच संस्कृतियों की लड़ाई होगी।
सिंह ने कहा कि पांडवों के दल में सेनापति और अर्जुन की भूमिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे तो दूसरी तरह कौरवों का दल कांग्रेस के नेतृत्व में होगा, जिसमें धृतराष्ट्र की भूमिका सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव निभायेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रजातांत्रिक महाभारत की लड़ाई में मोदी ही विजयी होंगे।
भाजपा विधायक ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखे हमले करते हुए आरोप लगाया कि उनका भारत और भारतीयता से कोई जुड़ाव नही है। राहुल में राजनीतिक क्षमता का अभाव है। वह कांग्रेस के आखिरी अध्यक्ष साबित होंगे।
उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक चुनाव के बाद भारत कांग्रेस मुक्त हो जाएगा और जिस दिन भारत से कांग्रेस का पराभव हुआ, राहुल भारत छोड़ इटली के वासी हो जाएंगे।
सिंह ने पिछले कुछ समय से केन्द्र की अपनी ही सरकार पर हमला कर रही बहराइच से भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले पर निशाना साधते हुए विश्वास जताया कि कर्नाटक चुनाव के बाद पार्टी उन पर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अगर सावित्री को टिकट नहीं दिया होता तो वह कभी लोकसभा नहीं पहुंच पातीं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sun, 06 May 2018 (14:10 IST)
Updated Date: Sun, 06 May 2018 (14:16 IST)