Publish Date: Wed, 01 Mar 2023 (14:53 IST)
Updated Date: Wed, 01 Mar 2023 (15:00 IST)
पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के बाद भाजपा के 2 विधायकों में नोंकझोंक हो गई। ये दोनों विधायक फोटो खिंचवाने के लिए मीडिया के सामने ही आपस में भिड़ लिए। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा भी इस मौके पर मौजूद थे और उन्होंने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। इस घटना पर राजद ने चुटकी ली है।
बजट पेश होने के बाद भाजपा के मीडिया के सामने बजट पर प्रतिक्रिया देने के समय भाजपा के 2 विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी व एक-दूसरे को विधायकों ने भाषायी मर्यादा में रहने की नसीहत भी दे डाली। सोशल मीडिया पर भाजपा के विधायकों के बीच तू-तू, मैं-मैं की घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
दरअसल, बजट पेश होने के बाद भाजपा के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य विधायक मीडिया के सामने प्रतिक्रिया देने के लिए आए। इसी दौरान विधायक अरुण सिन्हा और संजय सिंह के बीच कैमरे के सामने खड़े होने को लेकर नोकझोंक हो गई।
भाजपा विधायक संजय सिंह अरुण सिन्हा पर भड़क गए। उन्होंने अरुण सिन्हा को कोहनी मारने पर टोका। इस पर अरुण सिन्हा बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि जरा भाषा पर कंट्रोल रखिए। संजय सिंह बोले कि आप सीनियर हैं, तो सीनियर की तरह रहिए। दोनों विधायकों के बीच कैमरे के सामने आने के लिए बहस होने लगी।
मामला बढ़ता देख नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा को बीच-बचाव में आना पड़ा। उन्होंने दोनों विधायकों को समझाया और अरुण सिन्हा को पकड़कर किनारे किया। इस दौरान पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। माइक भी ऑन था, इसलिए नोकझोंक की आवाज भी साफ सुनाई दे रही है।
Edited by: Ravindra Gupta