Publish Date: Sat, 07 Jan 2017 (12:33 IST)
Updated Date: Sat, 07 Jan 2017 (12:38 IST)
पुडुचेरी। भाजपा की पुडुचेरी इकाई ने उपराज्यपाल किरण बेदी के कामकाज के खिलाफ यहां सत्तारूढ़ कांग्रेस की आलोचना का शनिवार को उपहास उड़ाया।
स्थानीय भाजपा अध्यक्ष वी. स्वामीनाथन ने शनिवार को कहा कि पुडुचेरी में एक स्वच्छ प्रशासन सुनिश्चित करने और समृद्ध पुडुचेरी हासिल करने में किरण बेदी जो उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, उससे उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को अवगत कराया है। उन्होंने यह भी कहा कि उपराज्यपाल को हटाने की कांग्रेस की मांग केवल निष्फल प्रयास है।
यह उल्लेख करते हुए कि बेदी को नहीं हटाया जाएगा, स्वामीनाथन ने सत्तारूढ़ कांग्रेस विधायकों द्वारा बेदी के संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को ज्ञापन भेजे जाने के मुद्दे पर बात करने से इंकार किया।
उन्होंने कहा कि मैं इस मुद्दे पर चर्चा नहीं करना चाहता, लेकिन इतना ही कहूंगा कि बेदी लोगों के लिए एक स्वच्छ प्रशासन उपलब्ध कराने की इच्छुक हैं। आधिकारिक संवाद के लिए व्हॉट्सएप के इस्तेमाल पर प्रतिबंध से संबंधित मुख्यमंत्री के 2 जनवरी के आदेश को किरण बेदी द्वारा रद्द किए जाने के बाद उपराज्यपाल और पुडुचेरी सरकार के बीच हालिया टकराव हुआ, जबकि वे खुद अधिकारियों द्वारा संवाद के लिए व्हॉट्सएप के इस्तेमाल पर जोर दे रही थीं। (भाषा)