Publish Date: Sun, 07 Jul 2024 (08:53 IST)
Updated Date: Sun, 07 Jul 2024 (09:01 IST)
Surat building collapse : गुजरात के सूरत में शनिवार दोपहर 6 मंजिला आवासीय इमारत ढह जाने के बाद मलबे से रात में 6 और शव बरामद किए गए। हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई।
पुलिस ने बताया कि पाल इलाके में स्थित छह मंजिला इमारत शनिवार दोपहर 2 बजकर 45 मिनट पर ढह गई थी। इमारत ढहने के तुरंत बाद एक महिला को बचा लिया गया था, जबकि एक शव शनिवार रात को निकाला गया। बचाव दल ने रात में मलबे से 6 और शव बरामद किए हैं।
सचिन जीआईडीसी पुलिस थाने के निरीक्षक जिग्नेश चौधरी ने बताया कि घटनास्थल पर रातभर बचाव अभियान जारी रहा और इस दौरान और शव बरामद किए गए। घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और स्थानीय अग्निशमन विभाग की टीम ने राहत-बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से सुरक्षित निकाली गई महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
सूरत के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने शनिवार को बताया कि इमारत का निर्माण 2016-17 में किया गया था। उन्होंने बताया कि इमारत के करीब पांच फ्लैट में लोग रहते थे, जिनमें से अधिकतर उस क्षेत्र में बने कारखानों में काम करते थे।
देवघर में पुराना घर ढहा : झारखंड में देवघर में लगातार हो रही बारिश के बीच सीता होटल के समीप एक पुराना मकान धंसा गया। मलबे में 10 से 12 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। (भाषा/वेबदुनिया)
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें