Publish Date: Tue, 09 Jan 2018 (17:48 IST)
Updated Date: Tue, 09 Jan 2018 (17:50 IST)
राजनांदगांव/धमतरी। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को 27 युवाओं को एक दिन का छाया (शेडो) कलेक्टर बनने का मौका मिला। आधिकारिक जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के युवाओं को राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने के लिए आयोजित की जा रही 'यूथ स्पार्क - खेलेगा छत्तीसगढ़, जीतेगा छत्तीसगढ़' प्रतियोगिता से चयनित 27 युवा प्रतिभागियों को आज एक दिन का शेडो कलेक्टर बनाया गया।
राजनांदगांव में महाविद्यालय की छात्रा प्रतिभा यादव और धमतरी में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा रेशमा साहू ने शेडो कलेक्टर के रूप में काम किया। धमतरी जिले के तीन और प्रतिभागी अंतिम 27 में चयनित हुए हैं। इनमें से प्रणीता भारती को बालोद, चन्द्रकिरण साहू को गरियाबंद और नागेश्वर साहू को बीजापुर में शेडो कलेक्टर के रूप में नामित किया गया। उन्होंने भी आज शेडो कलेक्टर के रूप में कार्य किया।
राजनांदगांव में प्रतिभा ने सुबह कार्यभार संभालकर कलेक्टर भीमसिंह से चर्चा की और 10:30 बजे कलेक्टोरेट की साप्ताहिक बैठक समय-सीमा में भाग लिया। वे जिले के आम नागरिकों को होने वाली विभिन्न समस्याओं, समाधान प्रक्रियाओं से भी रूबरू हुईं। उन्होंने कलेक्टर सिंह के साथ विभिन्न विभागों की बैठकों में हिस्सा लिया और योजनाओं पर चर्चा की। विभागों ने उन्हें अपनी-अपनी कार्यवाही से अवगत कराया।
प्रतिभा विभागों से बिन्दुवार चर्चा करने के साथ ही जानकारी एकत्रित कर रही हैं। वे अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेंगी। धमतरी में शेडो कलेक्टर के रूप में रेशमा साहू कलेक्टर डॉ. सीआर प्रसन्ना के साथ अधिकारियों की बैठक में उपस्थित हुईं।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने रेशमा का सबसे परिचय कराया गया। इसके बाद सभी कार्यालय प्रमुखों ने बारी-बारी से अपने विभागीय कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी। डॉ. प्रसन्ना ने भी उन्हें कलेक्टर के दायित्व और जिम्मेदारियों के बारे में बताया।
रेशमा कलेक्टर के कक्ष में बैठकर अपनी मांग और समस्या लेकर पहुंचे जिलेवासियों से भी रूबरू हुईं। कलेक्टर ने इस दौरान उनको जिले की भौगोलिक स्थिति, विभिन्न गतिविधियों, योजनाओं की जानकारी दी।
पांच चरण की प्रतियोगिता के बाद प्रदेश के लगभग 520 कॉलेजों के पांच लाख युवाओं में से चयनित प्रतिभागियों को आज दिनभर की गतिविधियों में भाग लेने के पश्चात उनकी कार्ययोजना के बारे में तीन मिनट का वीडियो बनाकर देने का टास्क दिया गया है। इसमें चयनित शेडो कलेक्टर को संबंधित जिले की ताकत, उसकी समस्या एवं उसका समाधान, वर्तमान में उपलब्ध संसाधन में ही जिले को कैसे देश का सर्वश्रेष्ठ जिला बना सकते हैं, जैसे विषयों पर अपनी कार्ययोजना बनानी है।
चयनित 27 शेडो कलेक्टरों में से तीन विजेताओं का चयन सेवानिवृत्त आईएएस, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकारों की ज्यूरी 10 जनवरी को करेगी। इसमें प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपए, द्वितीय 31 हजार रुपए और तृतीय 21 हजार रुपए का होगा। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती पर रायपुर इंडोर स्टेडियम में आयोजित युवा उत्सव में विजेताओं को सम्मानित करेंगे। (वार्ता)