Publish Date: Thu, 26 Jun 2025 (12:41 IST)
Updated Date: Thu, 26 Jun 2025 (12:50 IST)
Cloud burst in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के कांगड़ा और कुल्लू जिलों में बादल फटने (cloudburst ) से अचानक आई बाढ़ के बाद से लापता 10 लोगों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बुधवार शाम को भारी बारिश (heavy rains) के कारण 2 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 20 लोगों के बह जाने की आशंका है। हालांकि कुछ लापता लोगों को बचा लिया गया है।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को बुलाया गया : उपायुक्त हेमराज बैरवा ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 2 टीम और होमगार्ड की एक टीम को घटनास्थल पर तैनात किया गया है तथा बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि जलविद्युत परियोजना स्थल पर 6 लोगों के बाढ़ में बह जाने की आशंका है जबकि 1 व्यक्ति को खुद को बचाने के लिए पास की पहाड़ी पर भागते देखा गया था। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति का भी अभी अता-पता नहीं है।
शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मनुनी खड्ड में अचानक जल प्रवाह बढ़ने के कारण बहे श्रमिकों के शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने यहां एक बयान जारी कर कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देवभूमि के नागरिकों की हरसंभव मदद के लिए तैयार है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि परियोजना स्थल उनके गांव से एक किलोमीटर दूर है। उन्होंने कहा कि उन्हें बुधवार को सूचना मिली थी कि जल स्तर बढ़ गया है और 15-20 लोग बह गए हैं। शर्मा ने कहा कि नाले के पास मजदूरों के लिए शेड बनाना तथा मौसम की दृष्टि से असुरक्षित क्षेत्र होने पर भी उन्हें वहां नहीं ले जाना लापरवाही है तथा इसकी जांच होनी चाहिए। विधायक ने मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग की।
अधिकारियों के अनुसार, बारिश के कारण परियोजना का काम रोक दिया गया था और श्रमिक परियोजना स्थल के पास अस्थाई शिविरों में आराम कर रहे थे, तभी मनुनी खड्ड और आसपास के नालों से बाढ़ का पानी श्रमिक कॉलोनी की ओर आया और उनमें से कई को बहा ले गया। कुल्लू जिले में सैंज के रेहला बिहाल क्षेत्र में अपने घरों से कीमती सामान निकालने की कोशिश करते समय बह गए 3 लोगों की तलाश जारी है। कुल्लू जिले के सैंज में जीवा नाला और रेहला बिहाल तथा गड़सा क्षेत्र के शिलागढ़ में बादल फटने की 3 घटनाएं हुईं। जिले में मनाली और बंजार में भी अचानक बाढ़ आ गई और वहां तलाश अभियान जारी है।(भाषा)(फोटो सौजन्य : ट्विटर)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें