Publish Date: Fri, 08 Oct 2021 (19:23 IST)
Updated Date: Fri, 08 Oct 2021 (19:33 IST)
कानपुर। भाजपा सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के चलते आमतौर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता झाड़ू लगाते नजर आ जाते हैं, लेकिन आज कानपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सफाई का भूत चढ़ गया और वह सड़क पर झाड़ू लगाते नजर आए।
कानपुर के उर्सला अस्पताल में कांग्रेस के कार्यकर्ता एकत्रित हुए और उन्होंने हाथ में झाड़ू लेकर सफाई करना शुरू कर दिया। सफाई करते कांग्रेसियों का कहना है कि जब हमारी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गेस्ट हाउस में कमरे की सफाई कर सकती हैं, तो हम क्यों नहीं कर सकते। वहीं प्रियंका के सफाई पर यूपी के मुख्यमंत्री के दिए गए बयान कि वह (प्रियंका) झाड़ू लगाने लायक ही हैं, उसके विरोध में सड़क पर उतरकर सांकेतिक रूप से झाड़ू लगाई है।
वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब राजनीति और शासन में अराजकता फैल जाती है, तो योगी जी जैसे नेता पैदा होते हैं। प्रियंका गांधी पर मुख्यमंत्री योगी का बयान महिला विरोधी है, ये सभी महिलाओं का अपमान है, साथ ही सफाईकर्मियों का अपमान भी है। योगी जी की मां भी महिला थीं, उन्होंने उनको गोद में लेकर घर में झाड़ू लगाई होगी, तभी आज वे यहां तक पहुंचे हैं।
प्रियंका गांधी ने महात्मा गांधी के पढ़ाए गए पाठ स्वावलंबन के चलते गेस्ट हाउस के कमरे की सफाई की थी। लेकिन अब कांग्रेस के समर्थक बेरोजगारी, किसानों के हितों के लिए झाड़ू लगाएंगे। यही नहीं, अब इन हाथ के पंजों में इतनी झाड़ू होंगी कि भाजपा की सरकार सात समुंदर पार जाकर गिरेगी।