Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Cyrus Mistry Death: पारसी रीति से नहीं होगा टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस पलोनजी मिस्त्री का अंतिम संस्कार

हमें फॉलो करें Cyrus Mistry Death: पारसी रीति से नहीं होगा टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस पलोनजी मिस्त्री का अंतिम संस्कार
, सोमवार, 5 सितम्बर 2022 (23:50 IST)
मुंबई। उद्योगपति और टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस पलोनजी मिस्त्री का अंतिम संस्कार मंगलवार को यहां किया जाएगा। उनके परिवार के यह जानकारी दी। मिस्त्री (54) की रविवार को मुंबई से 120 किलोमीटर दूर पालघर के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
 
उनका अंतिम संस्कार वरली शवदाहगृह में कल पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा। वरली शवदाहगृह 2015 में खुला था और तभी से बड़ी संख्या में मुंबई के पारसी समुदाय के लोग अपने दिवंगत परिजनों को गिद्धों के खाने के लिए ‘टावर ऑफ साइलेंस’ के ऊपर रखने की बजाय उनका दाह संस्कार करने को तरजीह दे रहे हैं।
 
इस बीच जर्मन लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी मर्सिडीज बेंज के एक दल ने मुंबई से करीब 100 किलोमीटर दूर उस स्थान का दौरा किया, जहां डिवाइडर से कार टकराने से मिस्त्री और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गयी थी। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
 
टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के साथ उनकी कार में जाने के दौरान दुर्घटना का शिकार हुईं प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले और उनके पति डेरियस पंडोले को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अनाहिता पंडोले की सर्जरी होगी, जबकि उनके पति को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रविवार दोपहर को गुजरात से मुंबई आने के दौरान अनाहिता पंडोले मर्सिडीज कार चला रही थीं, तभी कार नदी के पुल पर एक डिवाइडर से टकरा गई। उनके पति डेरियस भी उनके साथ आगे की सीट पर बैठे थे। हादसे में पिछली सीट पर बैठे मिस्त्री (54) और जहांगीर पंडोले की मौत हो गई थी।
 
पुलिस के एक अधिकारी ने इससे पहले कहा था कि शुरुआती जांच के मुताबिक दोनों ने (पंडोले दंपति) सीट बेल्ट नहीं पहना था और कार की तेज रफ्तार तथा ड्राइवर के ‘‘गलत निर्णय’’ के कारण यह हादसा हुआ। प्रथमदृष्टया प्रतीत होता है कि कार की रफ्तार तेज थी।
 
कोंकण रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजय मोहिते ने कहा कि पुलिस कार के ब्रेक फ्लुइड स्तर की जांच करेगी। इसके कम स्तर पर ब्रेक लाइन में खाली जगह में हवा भर जाती है और सॉफ्ट ब्रेक हो जाते हैं। अधिकारी ने कहा कि हल्के ब्रेक पैडल खतरनाक हो सकते हैं।
 
एक बयान के अनुसार, मिस्त्री के परिवार में उनकी पत्नी रोहिका, बेटे फिरोज और जहान, मां पात्सी मिस्त्री, बहनें लैला रुस्तम जहांगीर और ए नोएल टाटा तथा भाई शपूर मिस्त्री हैं। परिवार के एक सदस्य ने कहा कि कुछ रिश्तेदार आज रात तक मुंबई पहुंच रहे हैं। कल मिस्त्री के पार्थिव शरीर को वरली शवदाहगृह ले जाया जाएगा और 11 बजे दाह संस्कार किया जाएगा।
 
मिस्त्री के साथ उनके मित्र और जाने-माने उद्योगपति जहांगीर पंडोले की भी सड़क हादसे में मृत्यु हो गयी थी। दोनों के शव यहां सरकारी जेजे अस्पताल के शवागार में रखे गए हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मनीष सिसोदिया का बड़ा आरोप- 'मेरे ऊपर केस दर्ज करने का CBI अफसर पर था दबाव, इसलिए उसने आत्महत्या कर ली, एजेंसी का इंकार