Publish Date: Sun, 19 May 2024 (14:05 IST)
Updated Date: Sun, 19 May 2024 (14:10 IST)
Dalit couple assaulted in Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले में एक बुजुर्ग दलित दंपति के साथ कथित तौर पर एक खंभे से बांधकर मारपीट की गई और उन्हें जूतों की माला पहनाई गई। दंपति का बेटा कथित तौर पर छेड़छाड़ की एक घटना में शामिल था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दंपति का बेटा कथित तौर पर छेड़छाड़ की एक घटना में शामिल था। एक अधिकारी ने बताया कि दंपति से मारपीट की घटना मुंगावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत किलोरा गांव में शुक्रवार को हुई।उन्होंने कहा कि इस संबंध में 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, ये सभी लोग फरार हैं।
खंभे से बांधकर मारपीट : मुंगावली थाने के प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने कहा कि दंपति का बेटा कथित तौर पर एक आरोपी की पत्नी से छेड़छाड़ में शामिल था। घटना के बाद इस दलित परिवार ने गांव छोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि ये दंपति हाल ही में गांव आया था। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों ने 65 वर्षीय दलित व्यक्ति और उनकी 60 वर्षीय पत्नी को कथित तौर पर एक खंभे से बांध दिया, उनके साथ मारपीट की और उन्हें जूतों की माला पहनाई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास : उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को 10 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा), 149 (सामान्य उद्देश्य के साथ गैरकानूनी सभा), 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 294 (अश्लील हरकत) और 506 (आपराधिक धमकी) के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें