Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

कुलगाम में हिमस्खलन में 7 पुलिसकर्मियों की मौत, अनंतनाग में भारी हिमपात से 2 मरे

हमें फॉलो करें कुलगाम में हिमस्खलन में 7 पुलिसकर्मियों की मौत, अनंतनाग में भारी हिमपात से 2 मरे
, शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2019 (23:47 IST)
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में जवाहर सुरंग के नजदीक बीती शाम हिमस्खलन के कारण प्रभावित पुलिस चौकी में फंसे 7 पुलिसकर्मियों के शव शुक्रवार को निकाल लिया गया। इसके अलावा अनंतनाग में भारी हिमपात ने 2 लोगों की जान ले ली।
 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुलगाम जिले की घटना में 2 पुलिसकर्मियों को बचा लिया गया था जबकि अन्य लापता थे। बचाए गए पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। दूसरी घटना में गुरुवार शाम अनंतनाग जिले में हिमस्खलन में मकान के ढहने से मलबे में दबने के कारण एक युगल की मौत हो गई लेकिन बचाव दल ने उनके 2 बच्चों को जीवित बचा लिया।
 
अधिकारी ने बताया कि जिले के कोकेरनाग क्षेत्र में सोनबरारी-मागम में यह घटना हुर्इ। इस हिमस्खलन में बशीर अहमद कुरैशी और उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस चौकी की घटना के बारे में अधिकारियों ने बताया कि कुलगाम जिले में गुरुवार की शाम काजीगुंड की तरफ पर जवाहर सुरंग के उत्तरी छोर पर हिमस्खलन हुआ था। सुरंग के निकट चौकी पर तैनात 10 पुलिसकर्मी हिमस्खलन से पहले वहां से सुरक्षित निकल गए थे जबकि 10 पुलिसकर्मी फंस गए थे।
webdunia
उन्होंने बताया कि तेज हवा चलने और बर्फ जमा होने के चलते बचाव दल को शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचने में मुश्किल हुई। कश्मीर में पिछले 2 दिनों से भारी बर्फबारी हो रही है।

घाटी के पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों में हिमस्खलन और कई स्थानों पर हिमपात हुआ है। अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर के 22 जिलों में से 16 के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक हिमपात हुआ हैं। जिले के कुछ हिस्सों में 5 फुट तक बर्फबारी हुई है।
 
कश्मीर में हिमस्खलन की ताजा चेतावनी जारी : कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में अगले 24 घंटों के दौरान हिमस्खलन की ताजा चेतावनी जारी की गई है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने शुक्रवार शाम बताया कि कश्मीर के मंडलीय आयुक्त बशीर अहमद खान ने कश्मीर मंडल के 9 जिलों अनंतनाग, कुलगाम, बारामूला, कूपवाड़ा, बड़गाम, बांदीपोरा, गंदेरबल, कारगिल और लेह में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
 
यहां जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक मंडलीय आयुक्त ने सभी 9 जिलों के उपायुक्तों को स्थानीय लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह देने का निर्देश दिया है। इसके अलावा सभी ऐहतियाती कदम उठाने तथा राज्य आपदामोचन बल, पुलिस और पैरामेडिकल कर्मचारियों को एम्बुलेंस के साथ तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

आईएनएक्स मीडिया धनशोधन मामले में ईडी ने पी. चिदंबरम से पूछताछ की