Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

Delhi : दिल्ली में CM के बंगले को लेकर फिर घमासान, AAP और कांग्रेस ने रेखा गुप्ता पर लगाए आरोप

पहले अरविंद केजरीवाल के शीश महल पर सवाल उठाने वाली भाजपा अब अपनी मुख्यमंत्री के लिए लाखों के टेंडर से सवालों के घेरे में है।

Advertiesment
हमें फॉलो करें Delhi Chief Minister

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , गुरुवार, 3 जुलाई 2025 (00:02 IST)
दिल्ली में मुख्‍यमंत्री के बंगले को लेकर एक बार फिर सियासत शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शीशमहल पर सवाल उठने के बाद अब दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नए बंगले पर मिलने वाली सुविधाओं पर भी घमासान मचा हुआ है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस ने भी नए बंगले को लेकर निशाना साधा है। पहले अरविंद केजरीवाल के शीश महल पर सवाल उठाने वाली भाजपा अब अपनी मुख्यमंत्री के लिए लाखों के टेंडर से सवालों के घेरे में है। 
ALSO READ: पाकिस्तान ने दिखाया असली रंग, UNSC का अध्यक्ष बनते ही उठाया कश्मीर मुद्दा, चालबाजियों से कैसे निपटेगा भारत
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जल्द ही राज निवास मार्ग पर स्थित बंगला नंबर 1 में शिफ्ट होने जा रही हैं। इसका रेनोवेशन का काम पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जा रहा है। उनके जाने से पहले बगले में लोक निर्माण विभाग की तरफ से जिस तरह की वीवीआईपी व्यवस्था की जा रही है, इसे लेकर विपक्ष हमलावर हो गया है।  
क्या-क्या लगेगा नए बंगले में 
लोक निर्माण विभाग (PWD) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को आवंटित बंगला नंबर 1, राज निवास मार्ग पर 59.40 लाख रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न कार्य करेगा। एक आदेश में यह जानकारी दी गई है।
 
आदेश में कहा गया है कि बंगले में विद्युत और सिविल संबंधी कार्य किया जाएगा। आदेश के अनुसार 7.7 लाख रुपए की लागत से 14 स्प्लिट एयर कंडीशनर, 9.9 लाख रुपए की लागत से पांच एलईडी टीवी तथा 1.8 लाख रुपए की लागत से रिमोट कंट्रोल वाले 23 छत के पंखे लगाए जाएंगे। आदेश में कहा गया है कि 5.74 लाख रुपए की लागत से 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और आवास में बिजली बैकअप के लिए यूपीएस सिस्टम भी होगा।
 
इसके अलावा 91,000 रुपए के 6 गीजर, 77,000 रुपए की एक स्वचालित वाशिंग मशीन, 85,000 रुपए की एक टोस्ट ग्रिल और 60,000 रुपए की एक डिशवॉशर शामिल हैं। आदेश में कहा गया है कि कुल 1.8 लाख रुपए की लागत से 23 छत के पंखे और 6  लाख रुपए की लागत से 115 लैंप, हैंगिंग लाइट और तीन बड़े झूमर लगाए जाएंगे। बंगले पर कुल 59,40,170 रुपए खर्च किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, चार कमरों वाले आवास में मरम्मत और नवीनीकरण का जारी है। 
कौन रहता था बंगले में 
इससे पहले बंगले में उपराज्यपाल सचिवालय के अधिकारी रहते थे। इसी रोड पर बंगला नंबर 2 का इस्तेमाल मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय के रूप में किया जा सकता है। इस बंगले में पहले दिल्ली के पूर्व मंत्री और विधायक गोपाल राय रहते थे। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री की योजना सबसे पहले जनसभाओं के लिए अपना कैंप कार्यालय शुरू करने की है।

विधानसभा चुनावों में चर्चाओं में था अरविंद केजरीवाल का शीश महल
 विधानसभा चुनाव के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बंगला चर्चाओं में था। भाजपा ने इस घर में मिलने वाली लक्जरी सुविधाओं का जिक्र करते हुए इसे शीश महल बताया था।  दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अपने सरकारी आवास को आलीशान बनाने के आरोप लगे थे।  मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा था कि वे केजरीवाल वाले आवास में नहीं रहेंगी। सिविल लाइंस में केजरीवाल का आवास रहे 6, फ्लैगस्टाफ रोड को राजकीय अतिथि गृह बनाया जा सकता है। भाजपा की नई सरकार के अधिकतर कैबिनेट मंत्रियों को पहले ही शहर में सरकारी आवास आवंटित किए जा चुके हैं। 
 
क्या कहा आप और कांग्रेस ने 
AAP ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि CM रेखा गुप्ता अपने 'मायामहल' पर करोड़ों खर्च कर रही हैं जबकि दिल्लीवाले बिजली, पानी, महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। AAP ने कहा कि ऐसे में CM रेखा गुप्ता अपने ‘मायामहल’ में करोड़ों रुपए लगवाकर Renovation करवा रही हैं। इस Renovation में उनके ‘मायामहल’ में लाखों के AC, झूमर, TV और लाइट लगाई  जाएगी।

इसमें करोड़ों रुपए का खर्च होगा। कांग्रेस ने भी इसे लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने X पर एक पोस्ट में कहा कि 'शीशमहल' करते-करते अपने लिए रंग महल बनवाया जा रहा है। जिस दिल्ली के लोग अपना घर ढहाए जाने पर बुलडोजर के सामने लेटने को मजबूर हैं।

भाजपा ने क्या दी सफाई
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि यह खर्च कोई विलासिता नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार पद के लिए जरूरी सुविधाएं हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कमरे में लगे AC की ओर इशारा करते हुए कहा कि इस कमरे में भी 8 एसी लगे हैं तो वह तो मुख्यमंत्री का घर है।    
आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बेईमानों को खुद अपने शासनकाल का जवाब देना चाहिए। इनपुट एजेंसियां Edited by: Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चुनाव आयोग पहुंचे INDIA गठबंधन के नेता, बिहार में एसआईआर का किया विरोध