Publish Date: Tue, 30 May 2023 (15:03 IST)
Updated Date: Tue, 30 May 2023 (15:08 IST)
Delhi Murder case : उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में एक किशोरी की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी की बुआ शम्मो का कहना है कि साहिल ने जो कुछ किया है, उसे उसकी सजा जरूर मिलनी चाहिए, चाहे उसे मारो, पीटो या फिर उसे फांसी दे दो।
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में साहिल नामक युवक ने 16 वर्षीय साक्षी की चाकू से 20 से अधिक वार कर और पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी। निर्मम तरीके से की गई इस हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद लोगों में गहरा रोष है।
साक्षी हत्याकांड के आरोपी साहिल की बुआ शम्मो ने कहा कि साहिल ने जो कुछ किया है, उसकी सजा उसे जरूर मिलनी चाहिए। साहिल ने आज उस लड़की के साथ जो किया, वह कल हमारे साथ भी कर सकता है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि 20 वर्षीय आरोपी साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया। बुलंदशहर के अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बजरंगबली चौरसिया ने बताया कि साहिल बुलंदशहर जनपद के पहासू थाना क्षेत्र के अटरेना गांव में अपनी बुआ के यहां आया था, जहां से उसे दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया।
शम्मो ने कहा कि जो कुछ साहिल ने किया है उसकी सजा उसे मिलनी ही चाहिए। हम तो हाथ जोड़कर कह रहे हैं सजा चाहे कुछ भी हो, चाहे उसे मारो, पीटो या चाहे फांसी दे दो या कुछ भी करो...., उसे सजा जरूर मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब उसने नाबालिग लड़की के साथ ऐसा किया है तो कल हमारे साथ भी, वह कुछ भी कर सकता है। कल को साहिल मेरी बेटी के साथ भी कुछ भी कर सकता है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपी और लड़की के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन शनिवार को उनमें झगड़ा हो गया था। उनके अनुसार, लड़की रविवार शाम को अपनी सहेली की बेटी के जन्मदिन की पार्टी के लिए खरीदारी करने गई थी, तभी घनी आबादी वाले इलाके में आरोपी ने उसे रोक कर उस पर हमला कर दिया।
इस घटना का लगभग 90 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, जिसमें आरोपी एक हाथ से लड़की को दीवार की तरफ धकेल कर बार-बार उस पर चाकू से वार करता नजर आ रहा है। (भाषा)