Publish Date: Thu, 30 Nov 2017 (16:37 IST)
Updated Date: Thu, 30 Nov 2017 (16:53 IST)
मुंबई। अभिनेत्री दीया मिर्जा को भारत के लिए 'संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सद्भावना' दूत नियुक्त किया गया है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने 35 वर्षीय अदाकारा को इस पद पर नियुक्त किया है।
दीया ने अपने एक बयान में कहा कि पर्यावरण की रक्षा करने और सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण के साथ काम करने का अवसर पाकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। हॉलीवुड अदाकारा केट ब्लैंचेट, ऐनी हैथवे, एंजेलिना जोली, कैटी पेरी और एमा वॉटसन भी संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सद्भावना दूत हैं।
दीया को बधाई देते हुए संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण प्रमुख एरिक सोल्हीम ने कहा कि मैं इस बात से खुश हूं कि दीया सद्भावना दूत के तौर पर संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण से जुड़ीं। भारत खासतौर पर वायु प्रदूषण के क्षेत्र में कई चुनौतियों का सामना कर रहा है और उसके कई शहर इस समस्या से प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि दीया का प्रभाव स्थिति को बदलने में मदद कर सकता है और भारतीयों तथा उनके पर्यावरण के लिए स्वस्थ भविष्य तैयार कर सकता है। (भाषा)