Publish Date: Wed, 24 Aug 2022 (00:52 IST)
Updated Date: Wed, 24 Aug 2022 (00:54 IST)
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को लगभग 12 घंटे में 5 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भूकंप से जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। खबरों के मुताबिक पहला भूकंप सोमवार देर रात 2 बजकर 20 मिनट पर आया, जिसका केंद्र कटरा इलाके से 61 किलोमीटर पूर्व में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले रविवार को राजस्थान के बीकानेर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
दूसरा भूकंप तड़के 3 बजकर 21 मिनट पर आया और उसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.6 मापी गयी। भूकंप का केंद्र जम्मू क्षेत्र में डोडा से 9.5 किलोमीटर पूर्व में जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में था।
उन्होंने बताया कि तीसरी बार 2.8 तीव्रता के भूकंप के झटके तड़के तीन बजकर 44 मिनट पर महसूस किए गए और भूकंप का केंद्र उधमपुर से 29 किमी. पूर्व में, 10 किलोमीटर की गहराई में था।
अधिकारियों ने बताया कि चौथी बार भूकंप मंगलवार को सुबह आठ बजकर तीन मिनट पर आया और इसकी तीव्रता 2.9 थी। भूकंप का केंद्र उधमपुर से 26 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में जमीन से पांच किमी. की गहराई में था। पांचवां भूकंप जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ जिले में दोपहर दो बजकर 17 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता 3.1 मापी गई।