Publish Date: Fri, 11 Nov 2022 (08:36 IST)
Updated Date: Fri, 11 Nov 2022 (08:41 IST)
मुंबई। मुंबई में आतंकी हमले के अलर्ट के बीच महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम मुंबई-गोवा राजमार्ग पर एक पुल के नीचे विस्फोटक जैसा उपकरण बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, भोगवती नदी पर बने एक पुल के नीचे बिजली के सर्किट और एक घड़ी से जुड़ी छह जिलेटिन की छड़ें मिलीं।
यह एक विस्फोटक उपकरण (बम) जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नई हो पाई है। रायगढ़ पुलिस, राज्य का आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) और नवी मुंबई के बम निरोधक दस्ते के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया। आगे की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि मुंबई में आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई से सटे रायगढ़ जिले में नदी में जिलेटिन की छड़ें मिलने की घटना इसलिए लिहाज से भी बेहद गंभीर माना जा रहा है।
हाल ही में मुंबई पुलिस ने अलर्ट जारी करते हुए कहा था कि आतंकवादी ड्रोन या फिर छोटे एयरक्राफ्ट की मदद से मुंबई में आतंकी हमले को अंजाम दे सकते हैं और फिर वीवीआईपी को भी निशाना बना सकते हैं। देश की आर्थिक राजधानी में 12 दिसंबर तक ड्रोन से लेकर प्राइवेट प्लेन के उड़ान पर पाबंदी है।
Edited by : Nrapendra Gupta (इनपुट भाषा)