Publish Date: Sat, 21 Jan 2023 (20:11 IST)
Updated Date: Sat, 21 Jan 2023 (20:14 IST)
देश की आन और शान राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। तिरंगे की शान बचाने के लिए हर देशवासी इसके लिए अपनी जान जोखिम में डालने को भी तैयार रहता है। कुछ ऐसा ही किया है हरियाणा के पानीपत जिले के अग्निशमन विभाग में तैनात जींद के भटनागर कॉलोनी निवासी फायरमैन सुनील मेहला ने।
इनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इनकी देशभक्ति और जज्बे को देखकर हर कोई इनको सलाम कर रहा है। शहर के भरत नगर स्थित कताई मिल में मंगलवार को आग लग गई। आग के बीच मिल के मेन गेट की छत पर तिरंगा लहरा रहा था।
सुनील की नजर जैसे ही तिरंगे पर पड़ी, उन्होंने उसे बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। कुछ ही देर में तिरंगे को सकुशल नीचे उतार लिया गया और सम्मान के साथ बगल की फैक्टरी में रख दिया गया।