Publish Date: Sun, 05 Feb 2017 (15:21 IST)
Updated Date: Sun, 05 Feb 2017 (15:25 IST)
रामेश्वरम। श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कच्चातीवू में तमिलनाडु के मछुआरों की 20 यांत्रिक नौकाओं के मछली पकड़ने के जाल कथित तौर पर काट डाले जिसके बाद लगभग 3,000 मछुआरों को मछली पकड़े बगैर ही वापस लौटना पड़ा।
रामेश्वरम मछुआरा संघ के अध्यक्ष पी. सेसुराज ने कहा कि शनिवार रात मछुआरे रामेश्वरम से 628 यांत्रिक नौकाओं में सवार होकर समुद्र में उतरे थे और कच्चातीवू के समीप मछलियां पकड़ रहे थे तभी श्रीलंकाई नौसैनिक वहां आए और उन्होंने 20 नौकाओं के जाल काट दिए। उन्होंने मछुआरों से वापस लौटने को कहा।
सेसुराज ने बताया कि नौसैनिकों ने भारतीय मछुआरों को कच्चातीवू के निकट मछलियां नपकड़ने की चेतावनी दी जिसके बाद वे सभी रविवार सुबह तट पर लौट आए। नेदुनतीवू के निकट कथित रूप से मछलियां पकड़ने के कारण श्रीलंका की नौसेना ने 1 फरवरी को पुडुकोट्टई जिले के 5 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया था और उनकी नौकाएं जब्त कर ली थीं। (भाषा)