Publish Date: Sat, 21 Nov 2020 (16:06 IST)
Updated Date: Sat, 21 Nov 2020 (16:12 IST)
चेन्नई। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के पूर्व सांसद केपी रामलिंगम शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके मिलने की भी संभावना है। रामलिंगम को द्रमुक से निलंबित किए जाने के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। वे द्रमुक के पूर्व नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एमके अलगिरी के वफादार माने जाते हैं।
वे भाजपा राज्य इकाई के प्रमुख एल. मुरुगन, पार्टी राज्य प्रभारी सीटी रवि और सुधाकर रेड्डी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान रवि ने रामलिंगम को सदस्यता कार्ड सौंपा। रामलिंगम शाम को शाह से मुलाकात कर सकते हैं।
रामलिंगम ने कहा कि वे दिवंगत द्रमुक प्रमुख एम. करुणानिधि के बड़े पुत्र अलगिरी को भाजपा में लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं अलगिरी के समर्थक के रूप में उन्हें (अलगिरी) भाजपा में शामिल करने की कोशिश करूंगा। (वार्ता)