Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

दंपति की पिटाई मामला : बंगाल के राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट, BJP ने TMC पर लगाया यह आरोप

हमें फॉलो करें CV Anand Bose_Governor

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

कोलकाता , सोमवार, 1 जुलाई 2024 (23:50 IST)
Governor CV Anand Bose sought a report in the couple beating case : पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में एक जोड़े को सार्वजनिक रूप से पीटे जाने की घटना से आक्रोश फैल गया है। राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी है वहीं भारतीय जनता पार्टी ने सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस पर राज्य में तालिबानी राज का आरोप लगाया है।
इस घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें एक व्यक्ति जोड़े की डंडे से पिटाई करता दिख रहा है। पिटाई करने वाले इस व्यक्ति की पहचान ताजमुल उर्फ ‘जेसीबी’ के रूप में की गई है। ऐसा दावा किया गया है कि वह स्थानीय तृणमूल कांग्रेस का नेता है। उसे कल रात गिरफ्तार कर लिया गया था।
 
आरोपी 5 दिन की पुलिस हिरासत में : आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। शुक्रवार को हुई इस घटना का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया।हालांकि वीडियो की पुष्टि नहीं की जा सकती है। भाजपा ने आरोप लगाया कि ताजमुल के चोपड़ा विधायक हमीदुल इस्लाम से संबंध हैं।
एक नया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ दिन पहले ताजमुल एक अन्य जोड़े की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहा है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने इस घटना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सोमवार को एक रिपोर्ट मांगी। अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल इस घटना से स्तब्ध हैं और उन्होंने इसे बर्बर बताया है।
 
एक अधिकारी ने कहा, राज्यपाल ने घटना की निंदा की है और मुख्यमंत्री बनर्जी से तत्काल रिपोर्ट मांगी है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की महिला विधायकों ने जोड़े पर हमले और राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों को लेकर सोमवार को विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
 
राज्य को असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बना दिया : भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा, तृणमूल सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति ने राज्य को असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बना दिया है। ऐसा लगता है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और उसके गुंडों ने राज्य में तालिबानी राज कायम कर दिया है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने सोमवार को कहा कि कुछ वर्ग गलत सूचना फैलाने और घटना को राजनीतिक रंग देने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, सच्चाई यह है कि घटना के बारे में पता चलने पर पुलिस ने तुरंत अपराधी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पीड़ितों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है...।
 
पीड़ितों को सुरक्षा मुहैया कराई : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शांतनु सेन ने घटना की निंदा की और कहा कि राज्य सरकार स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई कर रही है। तृणमूल के प्रवक्ता ने कहा, हम ऐसी घटनाओं का समर्थन नहीं करते। पीड़ितों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
 
हालांकि स्थानीय विधायक इस्लाम के इस बयान कि जोड़ा अवैध संबंध से समाज को गंदा कर रहा था से विवाद तेज हो गया और भाजपा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। स्थानीय विधायक इस्लाम ने कहा, यह जोड़ा कथित तौर पर अवैध संबंध में लिप्त था जिसके कारण उन्हें पीटा गया। वे अपनी हरकत से समाज को गंदा कर रहे थे।
 
क्या तृणमूल ने शरिया कानून लागू कर दिया : विधायक इस्लाम ने कहा, बेटा और पति होने के बावजूद महिला का अवैध संबंध में लिप्त होना गलत है। क्या यह अपराध नहीं है? क्या यह अनैतिक कार्य नहीं है? पॉल ने तृणमूल कांग्रेस के विधायक की आलोचना करते हुए कहा कि क्या तृणमूल ने राज्य में शरिया कानून लागू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित लड़के और लड़की के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे जिसके कारण उन्हें एक ‘कंगारू कोर्ट’ (अवैध अदालत) के निर्देश पर सरेआम पीटा गया। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मानहानि मामला : अदालत ने मेधा पाटकर को सुनाई 5 महीने जेल की सजा, देना होगा 10 लाख रुपए जुर्माना