Publish Date: Sat, 21 Jan 2023 (17:34 IST)
Updated Date: Sat, 21 Jan 2023 (17:44 IST)
हरियाणा की सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम तीसरी बार 40 दिन की पैरोल पर बरनावा आश्रम में पहुंच गए हैं। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के के साथ रूहानी दीदी हनीप्रीत और उनके परिवार के लोग भी बरनावा आश्रम आए हैं।
शनिवार की दोपहर हरियाणा पुलिस 2 बजे गुरमीत राम रहीम को सुनारिया जेल से लेकर बागपत के लिए निकली और 3.25 मिनट के आसपास बरनावा आश्रम में कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंच गई। राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में हत्या और रेप के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा में राम रहीम का डेरा है। सुनारिया जेल से तीन बार वह आश्रम में पैरोल पर आए हैं। आज बागपत में एंट्री होते ही स्थानीय पुलिस ने राम रहीम की चार गाड़ियों को अपनी सुरक्षा में लेकर आश्रम के अंदर पहुंचाया, जहां वह 40 दिन रहेंगे। राम रहीम की सुरक्षा के लिए पुलिस ने डेरे के बाहर पहरा सख्त कर दिया है।
गुरमीत राम रहीम के पैरोल पर जेल से बाहर आने पर उनके अनुयायी बेहद खुश हैं। इससे पहले 15 अक्टूबर को राम रहीम ने आश्रम के अंदर से ऑनलाइन सत्संग करके सुर्खियां बटोरी थीं। वहीं उम्मीद की जा रही है कि डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के संस्थापक शाह सतनाम सिंह महाराज का 25 जनवरी को जन्मदिन है और उसमें राम रहीम शामिल होंगे।