Publish Date: Sat, 07 Jul 2018 (12:40 IST)
Updated Date: Sat, 07 Jul 2018 (13:02 IST)
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में शुक्रवार को 9 घंटे में 10 इंच पानी गिरने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। शहर की सड़कें तालाब बन गई और घरों में पानी घुस गया। फिलहाल बारिश रुकी हुई है और पानी उतर रहा है।
शहर का 60 प्रतिशत हिस्सा एक ही बारिश में डूब गया। सड़कों पर खड़ी कारें आधी डूब गई। बारिश के चलते नागपुर के पिपला इलाके में एक स्कूल में 500 बच्चे फंस गए। उन्हें नाव और ट्रकों के सहारे निकाला गया।
बारिश की वजह से कल विधानसभा में पानी भर गया, जिसकी वजह से सदन की कार्यवाही रोकनी पड़ी। पावर स्टेशन में पानी भरने की वजह से बिजली की सप्लाई ठप हो गई और महाराष्ट्र के मंत्री विनोद तावड़े सहित कई विधायक मोमबत्ती जलाकर अपने कमरे में बैठे नजर आए।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे भारी बारिश का अनुमान जताया है। बारिश की आशंका से आज भी स्कूल कॉलेज बंद रखे गए हैं।
उल्लेखनीय है कि नागपुर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का शहर है। ऐसे में विपक्ष के साथ ही शिवसेना ने भी उन पर करारा हमला बोला है। यह सवाल भी पूछा जा रहा है कि जो सीएम अपना शहर नहीं संभाल पा रहा वो सूबे को क्या संभालेगा।