Publish Date: Mon, 03 Apr 2017 (12:09 IST)
Updated Date: Mon, 03 Apr 2017 (12:26 IST)
उत्तरप्रदेश में महोबा के महोबकंठ क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना ने सोमवार को यहां बताया कि बम्होरी कुर्मिन निवासी मूलचंद्र अहिरवार की 19 वर्षीय पुत्री गीता का बछेछर कलां निवासी 20 वर्षीय युवक सुनील से प्रेम संबंध था। इस बात से अनजान मूलचंद ने बेटी का रिश्ता पहाड़ी गांव में तय कर दिया था। 2 दिन बाद गोद भराई और तिलक की रस्म होनी थी।
गीता की शादी तय होने की खबर पाकर रविवार को सुनील उससे मिलने घर पहुंच गया और उसी दौरान दोनों के संबंधों का पता चलने से क्रोधित मूलचंद्र ने कुल्हाड़ी से प्रहार करके उनकी हत्या कर दी। दोनों की हत्या के बाद आरोपी ने थाने में जाकर पुलिस के समाने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। (वार्ता)